logo

रांची DC ने राजनीतिक दलों के साथ SIR को लेकर की बैठक, मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने पर दिया जोर

रांची DC ने राजनीतिक दलों के साथ SIR को लेकर की बैठक, मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने पर दिया जोर

रांची 

रांची जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में शनिवार को मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) से संबंधित बैठक आयोजित की गयी। समाहरणालय में आयोजित बैठक में जिला उपनिर्वाचन पदाधिकारी बिवेक कुमार सुमन सहित विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित थे। बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण के अंतर्गत नोटिस वितरण एवं सुनवाई के चरण की प्रगति की समीक्षा की गयी। इस दौरान डीसी मंजूनाथ भजन्त्री ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से कहा कि 14 अक्टूबर 2026 तक नोटिस प्राप्त करनेवाले मतदाताओं के लिए सुनवाई की जायेगी। उन्होंने मतदाताओं तक समय पर सूचना पहुंचाने तथा सुनवाई की प्रक्रिया के संबंध में आमजनों को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने में सहयोग का आग्रह किया।

बीएलए-2 के माध्यम से बीएलओ को सहयोग करने पर भी चर्चा

मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा कि जिन मतदाताओं को विशेष गहन पुनरीक्षण के क्रम में नोटिस प्राप्त हुआ है, वे निर्धारित तिथि एवं स्थान पर आयोजित सुनवाई में उपस्थित होकर अपना पक्ष रखें तथा आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करें। सुनवाई के दौरान मतदाता द्वारा उपलब्ध कराये गये दस्तावेजों के आधार पर संबंधित प्राधिकारी द्वारा नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जायेगी। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की कि वे नोटिस प्राप्त मतदाताओं को सुनवाई की तिथि की जानकारी देने तथा उन्हें आवश्यक प्रक्रिया समझाने में सहयोग करें। बैठक में बीएलए-2 के माध्यम से बीएलओ को सहयोग करने पर भी चर्चा की गयी। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से आग्रह किया गया कि वे फॉर्म-6 एवं फॉर्म-8 से संबंधित कार्यों में बीएलओ के साथ समन्वय स्थापित करते हुए पात्र मतदाताओं के आवेदन एवं आवश्यक सुधार संबंधी मामलों को निर्वाचन प्रक्रिया के अनुरूप आगे बढ़ाने में सहयोग करें।

अपात्र व्यक्ति मतदाता सूची से न जुडे़

डीसी मंजूनाथ भजन्त्री ने बताया कि 01 अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले भारतीय नागरिक नये मतदाता के रूप में पंजीकरण के लिए फॉर्म-6 भर सकते हैं। उन्होंने सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से ऐसे पात्र युवाओं एवं अन्य पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में पंजीकरण के लिए जागरूक एवं प्रेरित करने तथा फॉर्म-6 के अधिकाधिक मोबिलाइजेशन में सहयोग का आग्रह किया। साथ ही, जिन मतदान केन्द्रों पर फॉर्म-6 के डिजिटाइजेशन की प्रगति अपेक्षाकृत कम है, वहां बीएलए-2 एवं राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से बीएलओ के साथ समन्वय कर आवश्यक सहयोग प्रदान करने को कहा गया, ताकि पात्र नागरिकों के पंजीकरण से संबंधित प्रक्रिया समयबद्ध रूप से पूर्ण की जा सके। बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि विशेष गहन पुनरीक्षण का उद्देश्य मतदाता सूची को त्रुटिरहित, अद्यतन एवं अधिक विश्वसनीय बनाना तथा किसी भी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची से छूटने न देना है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने सभी से कहा कि इस बात का विशेष ध्यान रखें कि कोई भी अपात्र व्यक्ति मतदाता सूची से न जुडे़।

Tags - Ranchi DC Special Intensive Revision Election Commission Political Parties