द फॉलोअप डेस्क
रांची स्थित इटकी थाना क्षेत्र अंतर्गत कुंदी पतराटोली गांव के जलेबिया जंगल से हाथी द्वारा एक बार फिर से उत्पात मचाने की घटना सामने आई है। कल शनिवार को एक जंगली हाथी ने जमकर उत्पात मचाया वहीं, हाथी के हमले से एक युवक और तीन महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद से पूरे इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल है। दरअसल, यह घटना तब हुई जब शनिवार सुबह गांव की कुछ महिलाएं जंगल में पत्ता चुनने गई थीं। इसी दौरान अचानक एक जंगली हाथी उनके सामने आ गया। जान बचाकर भागने के क्रम में मांगी उरांव, सावित्री केरकेट्टा और 15 वर्षीय रितिका गिर पड़ीं और हाथी की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गए।

हालांकि, ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए तीनों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया। इस हमले में युवक के हाथ और पैर बुरी तरह टूट गए हैं। हाथी के हमले की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम सक्रिय हो गई है। ग्रामीणों के सहयोग से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है। प्रभारी वनपाल ने कहा कि प्रभावितों को सरकारी प्रावधानों के तहत मुआवजा दिलाया जाएगा।
.jpeg)
वन विभाग की टीम ने चोंगा से जंगली हाथी की निकलने की दिशा और जंगल के इर्द गिर्द नही जाने की अपील करती रही। घटना की जानकारी मिलते ही प्रभारी वनपाल राहुल महली के नेतृत्व में वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। फिलहाल वन विभाग की टीम हाथी की निगरानी कर रही है और उसे सुरक्षित जंगल की ओर खदेड़ने का प्रयास जारी है। विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे अभी जंगल की ओर न जाएं और सतर्क रहें।