logo

गिरिडीह में झुंड से बिछड़े हाथी ने बुजुर्ग दंपती को कुचला, पति की मौत; पत्नी गंभीर

गिरिडीह में झुंड से बिछड़े हाथी ने बुजुर्ग दंपती को कुचला, पति की मौत; पत्नी गंभीर

द फॉलोअप गिरिडीहः

गिरिडीह के पीरटांड थाना क्षेत्र के मंडरडीह (लेढवा) में मंगलवार रात हाथी के हमले से एक बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं। मृतक की पहचान स्थानीय निवासी मंगरा मांझी (70) के रूप में हुई है। वहीं उनकी पत्नी बड़की देवी (65) को गंभीर हालत में सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

शौच कराने ले गई थीं पत्नी, तभी सामने आ गया हाथी

मृतक के नाती मनीष सोरेन के मुताबिक, रात में घर लौटने पर उन्हें घटना की जानकारी मिली। उन्होंने बताया कि मंगरा मांझी को दिखाई नहीं देता था। रात में जब उन्हें शौच की जरूरत हुई तो उनकी पत्नी बड़की देवी उन्हें लेकर बाहर गई थीं। इसी दौरान हाथी वहां पहुंच गया और दोनों पर हमला कर दिया। परिजन दोनों को किसी तरह सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मंगरा मांझी को मृत घोषित कर दिया। बड़की देवी का इलाज जारी है।

हाथियों की संख्या को लेकर अलग-अलग दावे

मनीष सोरेन का कहना है कि मौके पर 5-6 हाथी थे, जबकि प्रशासन के अनुसार घटना को अंजाम देने वाला हाथी अकेला है और झुंड से बिछड़कर इलाके में घूम रहा है। पीरटांड थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि झुंड से अलग हुआ हाथी क्षेत्र में विचरण कर रहा है। वन विभाग की टीम को सक्रिय किया गया है। बताया जा रहा है कि पिछले कई दिनों से पीरटांड क्षेत्र में हाथियों का झुंड मौजूद था। वन विभाग की टीम हाथियों को सुरक्षित क्षेत्र से बाहर निकालने में जुटी थी और कुछ दिन पहले ही सभी हाथियों के पीरटांड-पारसनाथ क्षेत्र से निकल जाने का दावा किया गया था। इसके बावजूद मंगलवार रात बुजुर्ग दंपती पर हाथी के हमले की घटना सामने आ गई।

Tags - Pirtand Giridih Elephant Attack Jharkhand News Forest Department