logo

झारखंड में दूसरे चरण की वोटिंग से पहले थमा प्रचार, इन 3 सीटों पर डाले जायेंगे वोट; इनकी प्रतिष्ठा दांव पर

a1422.jpeg

द फॉलोअप डेस्क, रांची:

झारखंड की 3 लोकसभा सीटों पर पांचवे चरण के तहत वोटिंग होगी। यह प्रदेश में दूसरा चरण होगा। 20 मई को हजारीबाग, चतरा और कोडरमा में वोट डाले जायेंगे। चुनाव आचार संहिता के नियमों के मुताबिक आज प्रचार का शोर थम गया। राजनीतिक दल और प्रत्याशी अब मंच लगाकर भाषण नहीं दे पाएंगे। रैली या सभा नहीं कर पाएंगे। रोड शो की भी इजाजत नहीं होगी। प्रत्याशी अब केवल डोर टू डोर जनसंपर्क कर सकते हैं। 20 मई को तीन लोकसभा सीटों पर होने वाली वोटिंग के लिए 54 प्रत्याशी मैदान में हैं। चतरा में 22, हजारीबाग में 17 और कोडमा में 15 उम्मीदवार मैदान में हैं। 2 महिलायें और 23 निर्दलीय उम्मीदवार भी मैदान में हैं। गौरतलब है कि झारखंड में दूसरे चऱण की वोटिंग में कई दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर है जिनमें एक मौजूदा केंद्रीय मंत्री भी है। 

 

हजारीबाग-कोडरमा-चतरा में किसके बीच मुकाबला
हजारीबाग में बीजेपी के मनीष जायसवाल का मुकाबला कांग्रेस के जेपी पटेल से होगा। यहां जेबीकेएसएस के संजय मेहता भी मैदान में हैं। कोडरमा में इंडिया ब्लॉक की ओर से सीपीआई एमएल के विनोद सिंह के सामने बीजेपी की अन्नपूर्णा देवी हैं। चतरा में बीजेपी के कालीचरण सिंह और कांग्रेस के केएन त्रिपाठी आमने-सामने हैं। मुकाबला दिलचस्प है। सबने ताल ठोक दी है। सुर किसका सही लगा ये तो 4 जून का नतीजा बताएगा लेकिन अभी मुकाबला कड़ा दिख रहा है। पलड़ा बराबर है।

2019 में तीनों सीटों पर बीजेपी ने दर्ज की जीत
दूसरे चरण में कोडरमा से अन्नपूर्णा देवी, चतरा में केएन त्रिपाठी और हजारीबाग में मनीष जायसवाल की प्रतिष्ठा दांव पर है। गौरतलब है कि पिछली बार यानी 2019 के लोकसभा चुनाव में इन सीटों पर भारतीय जनता पार्टी ने जीत हासिल की थी। चतरा में सुनील सिंह, कोडरमा में अन्नपूर्णा देवी और हजारीबाग में जयंत सिन्हा जीते थे। बीजेपी की चुनौती इन सीटों पर वापसी की है वहीं इंडिया ब्लॉक यहां जीत हासिल कर मनोबल हासिल करना चाहता है। इन तीन सीटों पर जीत कितनी जरूरी है, इसकी तस्दीक दोनों धड़ों के बड़े नेताओं का दौरा बताता है। प्रधानमंत्री ने 11 मई को चतरा के सिमरिया में जनसभा की थी। यहां उन्होंने हजारीबाग से प्रत्याशी मनीष जायसवाल और चतरा संसदीय सीट से प्रत्याशी कालीचरण सिंह के लिए वोट की अपील की थी। इसके बाद प्रधानमंत्री ने 14 मई को गिरिडीह के बिरनी में जनसभा की जहां उन्होंने कोडरमा संसदीय सीट से प्रत्याशी अन्नपूर्णा देवी के लिए वोट मांगा। 

प्रधानमंत्री ने इन सीटों पर जीत के लिए की रैलियां
पीएम ने गिरिडीह में आजसू प्रत्याशी चंद्रप्रकाश चौधरी के लिए भी वोट मांगा। हालांकि, यहां 25 मई को वोटिंग होगी। गौरतलब है कि 20 मई को गांडेय विधानसभा सीट पर उपचुनाव भी होना है। पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना मुर्मू सोरेन की उम्मीदवारी के बाद गांडेय का चुनाव दिलचस्प हो गया है। पीएम मोदी ने यहां बीजेपी प्रत्याशी दिलीप कुमार वर्मा के लिए भी वोट की अपील की। 
असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने रजरप्पा में हजारीबाग में प्रत्याशी मनीष जायसवाल के लिए वोट मांगा। 

इंडिया ब्लॉक ने भी तीनों सीटों पर झोंकी ताकत
इंडिया ब्लॉक की तरफ से भी इन तीन सीटों पर पूरी ताकत झोंकी गई है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने 13 मई को चतरा और हजारीबाग में जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने केएन त्रिपाठी और जेपी पटेल के लिए वोट मांगा। आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने भी 15 मई को एक ही दिन में 4 विशाल जनसभा को संबोधित किया। तेजस्वी यादव ने चतरा, बरही, गांडेय और बरकट्ठा में जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने चतरा, हजारीबाग और कोडरमा संसदीय सीट पर प्रत्याशी केएन त्रिपाठी, जेपी पटेल और विनोद सिंह के लिए वोट मांगा। उन्होंने गांडेय उपचुनाव के लिए कल्पना मुर्मू के समर्थन में भी जनसभा की। दूसरे चरण के लिए राहुल गांधी या प्रियंका गांधी ने झारखंड का दौरा नहीं किया है। राहुल गांधी ने एकमात्र जनसभा गुमला के बसिया में की थी। कल्पना मुर्मू सोरेन भी लगातार मैदान में है। गांडेय उपचुनाव में प्रत्याशी कल्पना ने गांडेय में आज रोड शो भी किया। उन्होंने, कोडरमा, हजारीबाग और चतरा में कई जनसभाओं को संबोधित किया और प्रत्याशियों के लिए वोट मांगे। 

2019 में विशाल अंतर से तीनों सीट जीती थी बीजेपी
2019 के लोकसभा चुनाव में तीनों सीटों पर बीजेपी ने जीत हासिल की थी और जीत हार का अंतर काफी बड़ा भी रहा था। चतरा में सुनील सिंह ने कांग्रेस के मनोज कुमार यादव को 3,77,871 वोट से हराया था। हजारीबाग में बीजेपी के जयंत सिन्हा ने कांगेस के गोपाल प्रसाद साहू को 4,79,548 वोट से हराया था। कोडरमा में बीजेपी की अन्नपूर्णा देवी ने झारखंड विकास मोर्चा के बाबूलाल मरांडी को 4,55,600 वोट से हराया था। हालांकि, इस बात को अब 5 साल बीत चुके हैं। इस बार कोई भी खेमा अपनी जीत के प्रति 100 फीसदी आश्वस्त नहीं है। बीजेपी ने चतरा और हजारीबाग में प्रत्याशी बदला है। चतरा में सुनील सिंह की जगह कालीचरण सिंह मैदान में हैं वहीं हजारीबाग में जयंत सिन्हा की जगह मनीष जायसवाल चुनाव लड़ रहे हैं। इसे सियासी भाषा में एंटी इनंकम्बेंसी कहा जाता है। कोडरमा में भी अन्नपूर्णा देवी के खिलाफ नाराजगी देखी गई और विनोद सिंह की सभाओं में जुटी भीड़ से इंडिया ब्लॉक में उत्साह है।

सियासत का ये ऊंट किसी भी करवट बैठ सकता है। खैर, 20 मई को वोटिंग है। सुबह 7 बजे से वोटिंग शुरू हो जायेगी जो शाम 5 बजे तक चलेगी। निर्वाचन आयोग तैयार है। नक्सल प्रभावित इलाकों में मतदानकर्मियों को हेलिकॉप्टर से भेजा जा रहा है। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम हैं। आप भी वोटिंग के लिए तैयार हो जाइये। जमकर मतदान कीजिए।

Tags - Lok Sabha Chunav 2024BJPJharkhand BJPLok Sabha Chunav Update