logo

रांची में शांतिपूर्ण ढंग से हुई ईद उल अजहा की नमाज, सतर्क दिखी पुलिस 

eid1.jpg

द फॉलोअप डेस्क
राजधानी रांची में ईद उल अजहा की नमाज अदा कर ली गई। बारिश की वजह से राजधानी के अधिकांश स्थानों पर नमाज मस्जिदों में अदा की गई। कुछ जगहों पर मस्जिद के बाहर भी नमाज अदा की गई। वहीं बकरीद को देखते हुए रांची पुलिस भी सतर्क दिखे।  रांची के तमाम संवेदनशील स्थानों पर गुरुवार की सुबह 5 बजे से ही पुलिस बल अपनी ड्यूटी संभाल चुके थे जो देर रात तक जारी रहेगी।


हरमू ईदगाह में इस बार नहीं हुई नमाज अदा
 राजधानी रांची में ईद उल अजहा को लेकर काफी उत्साह देखने को मिला। हालांकि 3 दिनों से हो रही लगातार बारिश की वजह से उत्साह में थोड़ी खलल जरूर पड़ी। बारिश की वजह से ही रांची के हरमू रोड ईदगाह में काफी सालों के बाद नमाज अदा नहीं की गई। अंजुमन इस्लामिया के द्वारा यह तय किया गया था कि ईदगाह में इस बार नमाज अदा नहीं की जाएगी। भारी बारिश की वजह से यह फैसला लिया गया। वहीं रांची के मेन रोड, डोरंडा, हिंदपीढ़ी, बरियातू, कांके, पिठोरिया, अरगोड़ा सहित तमाम मस्जिदों में हल्की बूंदाबांदी के बीच ईद उल अजहा की नमाज अदा की गई।


पुलिस अलर्ट, सभी थाना प्रभारी रहे मौजूद
 बकरीद को देखते हुए राजधानी के सभी संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल के साथ-साथ ड्रोन की टीम को भी तैनात किया गया था। सभी थाना प्रभारी नमाज के वक्त अपने अपने इलाकों में भ्रमणशील रहे। बकरीद को लेकर राजधानी रांची में दो हजार पुलिस बलों की तैनाती की गई है। खासकर वैसे ही इलाके जहां बकरीद के समय पूर्व में सामाजिक सौहार्द्र बिगड़ा था, वहां विशेष निगरानी रखी जा रही है। सोशल मीडिया पर भी विशेष नजर पुलिस के द्वारा रखी जा रही है। रांची पुलिस के द्वारा एक दिन पूर्व ही यह संदेश जारी कर दिया गया था कि अगर कोई भी सामाजिक सौहार्द्र को बिगाड़ने की कोशिश करेगा तो उसे बख्शा नहीं जाएगा।

 हमारे वाट्सअप ग्रुप से लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N