logo

ईद से पहले खुशियों की बारिश, मंत्री इरफान अंसारी ने जरूरतमंदों को दिया सहारा

irfan_eid.jpg

द फॉलोअप डेस्क 

अलविदा जुम्मा के पवित्र अवसर पर झारखंड के स्वास्थ्य एवं खाद्य आपूर्ति मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने जामताड़ा जिले के नारायणपुर पहुंचकर नमाज़ अदा की। इस मौके पर हजारों की संख्या में रोजेदारों ने एकत्र होकर राज्य और देश में अमन, चैन और खुशहाली के लिए दुआएं मांगीं। इस अवसर पर मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि अलविदा जुम्मा की नमाज़ का विशेष महत्व है और इस दिन की गई दुआएं अल्लाह के दरबार में कबूल होती हैं। उन्होंने कहा कि खैरात और ज़कात हमारी परंपरा का अहम हिस्सा है, और इसी भावना के साथ हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी सैकड़ों जरूरतमंद परिवारों के बीच साड़ी, धोती, लूंगी, सेवइयां और अन्य आवश्यक वस्त्रों के साथ आर्थिक सहायता का वितरण किया गया, ताकि हर घर में ईद की खुशियां पहुंच सकें।

उन्होंने लोगों से आपसी भाईचारे और सौहार्द को मजबूत करने की अपील करते हुए कहा कि ईद का असली संदेश प्रेम, एकता और खुशियां बांटना है। हमें नफरत को दूर कर मोहब्बत का माहौल बनाना है, ताकि समाज में एकता और भाईचारा कायम रहे। इस दौरान उन्होंने लोगों से गले मिलकर ईद की अग्रिम शुभकामनाएं दीं और देश की तरक्की, शांति और भाईचारे के लिए दुआ की। उन्होंने यह भी कहा कि उनकी हमेशा से कोशिश रहती है कि कोई भी परिवार आर्थिक तंगी के कारण ईद की खुशियों से वंचित न रहे। इसी उद्देश्य से इस बार भी हजारों जरूरतमंदों के बीच वस्त्र और आर्थिक सहयोग वितरित किया गया। यह सेवा कार्य कोई नया नहीं, बल्कि उनके पिता एवं पूर्व सांसद फुरकान अंसारी द्वारा पिछले 40 वर्षों से निरंतर किया जा रहा एक सामाजिक अभियान है, जिसे वे पूरी निष्ठा के साथ आगे बढ़ा रहे हैं।

इस अवसर पर उपस्थित स्थानीय बीरबल अंसारी ने कहा डॉ. इरफान अंसारी हर साल जिस तरह से जरूरतमंदों के बीच मदद पहुंचाते हैं, वह वाकई काबिले-तारीफ है। यह सिर्फ सहायता नहीं, बल्कि इंसानियत की मिसाल है। वहीं कांग्रेस कार्यकर्ता जयप्रकाश तिवारी ने कहा पूर्व सांसद फुरकान अंसारी द्वारा शुरू की गई यह परंपरा आज भी उसी समर्पण के साथ जारी है। मंत्री जी का यह प्रयास समाज में एक सकारात्मक संदेश देता है और भाईचारे को मजबूत करता है। इस दौरान कांग्रेस पार्टी के कई कार्यकर्ता एवं स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Tags - alvida jumma holy occasion jharkhand health minister food supply minister dr irfan ansari jamtada district narayanpur offered namaz