logo

रांची में आज रात 12 बजे तक इन रास्तों पर जाना मना है, जानें ट्रैफिक रूट

TRAFFIC_RANCHI.jpg

रांची 
ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर आज बुधवार को रांची में जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला जाएगा। जुलूस को लेकर रांची ट्रैफिक पुलिस ने शहर की यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है। बुधवार सुबह 6 बजे से रात 12 बजे तक बस, ट्रक और अन्य भारी वाहनों के शहर में प्रवेश पर रोक रहेगी। ऐसे वाहन रिंग रोड के रास्ते अपने गंतव्य तक जाएंगे।
जुलूस के दौरान इन रास्तों पर वाहनों की नो-एंट्री
दिन के 12 बजे से जुलूस समाप्त होने तक सर्जना चौक से राजेंद्र चौक के बीच छोटे-बड़े सभी वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह ने इस संबंध में आदेश जारी किया है। आदेश के अनुसार, आवश्यकता पड़ने पर किसी भी मार्ग को डायवर्ट या पूरी तरह बंद किया जा सकता है। सर्जना चौक से वूल हाउस, उर्दू लाइब्रेरी, रतन पीपी, सुजाता चौक, बिग बाजार होते हुए राजेंद्र चौक तक वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। इसके अलावा कांटाटोली से कुम्हार टोली, नया टोली होते हुए पत्थलकुदवा, प्लाजा चौक से मिशन चौक, मिशन चौक से कर्बला चौक और कर्बला चौक से काली मंदिर व वूल हाउस की ओर जाने वाले मार्गों पर भी वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। 
पुलिस ने किया फ्लैग मार्च
पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने और लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के लिए मंगलवार को रांची पुलिस ने शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में फ्लैग मार्च किया। एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर अलबर्ट एक्का चौक से डोरंडा तक पुलिस बल ने मार्च किया। जुलूस को देखते हुए जिलेभर में 500 से अधिक अतिरिक्त पुलिस जवानों की तैनाती की गई है। चार आईपीएस अधिकारियों, तीन डीएसपी, करीब आधा दर्जन थाना प्रभारियों और क्यूआरटी को भी सुरक्षा व्यवस्था में लगाया गया है। एसएसपी ने सभी अधिकारियों और जवानों को जुलूस के साथ तैनात रहने का निर्देश दिया है।
सिटी एसपी ने किया निरीक्षण, बाइक दस्ते ने की पेट्रोलिंग
पैदल फ्लैग मार्च के साथ बाइक दस्ते ने मेन रोड, एकरा और डोरंडा थाना क्षेत्रों में पेट्रोलिंग की। पुलिस टीम ने प्रमुख मार्गों और संवेदनशील स्थानों का जायजा लेने के साथ संभावित जुलूस मार्गों का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सिटी एसपी पारस राणा समेत कई पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। पुलिस पदाधिकारियों ने स्थानीय लोगों से बातचीत कर जुलूस के मार्ग और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़ी जानकारी भी ली।
संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात
फ्लैग मार्च के दौरान ड्रोन के जरिए भी संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी की गई। पुलिस अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात जवानों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर ब्रीफ किया। संवेदनशील इलाकों में पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि पर्व के दौरान किसी तरह का व्यवधान उत्पन्न करने या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
संदिग्ध गतिविधियों की तुरंत दें सूचना
फ्लैग मार्च में सिटी एसपी, एसडीओ, सिटी डीएसपी, थाना प्रभारी, आरएएफ, आईआरबी और बाइक दस्ता समेत बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी और जवान शामिल रहे। रांची पुलिस ने आम लोगों से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की है। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने को कहा है। जुलूस और पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए पुलिस लगातार निगरानी कर रही है।

Tags - Ranchi News Traffic Advisory Eid Milad Un Nabi Ranchi Police Route Diversion