द फॉलोअप डेस्क
गिरिडीह नगर थाना क्षेत्र के बरवाडीह में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 40 वर्षीय शेरुन की मौत हो गई, जबकि उनका 20 वर्षीय बेटा शाहिल घायल हो गया। जानकारी के अनुसार महिला अपने बेटे के साथ बाइक से ईद की खरीदारी करने गिरिडीह बाजार जा रही थी। इसी दौरान विपरीत दिशा से गिरिडीह से धनबाद की ओर जा रही एसएसटी बस ने बरवाडीह स्थित बाल्टी कारखाना के समीप बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक सवार दोनों माँ-बेटे सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को आनन-फानन में सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई।
.jpg)
वहीं घायल बेटे शाहिल का इलाज जारी है। घटना के बाद आक्रोशित परिजन और स्थानीय लोगों ने गिरिडीह-धनबाद मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। गुस्साए लोगों ने बस में तोड़फोड़ करते हुए उसके शीशे भी तोड़ दिए। सड़क जाम के कारण आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है। घटना की सूचना मिलते ही मुफ्फसिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो, एसडीपीओ जितवाहन उरांव, डीएसपी कोसर अली समेत भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंच कर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। वहीं सूचना मिलने पर मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थानीय लोगों से घटना की जानकारी ली। उन्होंने पीड़ित परिवार को हर संभव मदद का आश्वासन दिया।
.jpg)