गिरिडीह:
JPSC और JSSC की भर्ती परीक्षाओं में अनियमितता और कथित गड़बड़ी के खिलाफ जारी छात्र आंदोलन के बीच रविवार (16 अगस्त) को गिरिडीह के टावर टौक पर छात्र संगठनों और छात्र नेताओं ने विरोध प्रदर्शन किया।इस दौरान AVBP, JLKM और आजसू से जुड़े छात्र नेता एवं कई छात्र मौके पर मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों ने राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और पेपर लीक मामले में जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की।

सीएम और राहुल गांधी का पुतला फूंका
विरोध प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और कांग्रेस नेता राहुल गांधी का पुतला दहन किया। छात्र नेताओं ने आरोप लगाया कि पेपर लीक जैसी घटनाओं से मेहनत कर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले हजारों छात्रों के भविष्य पर प्रतिकूल असर पड़ता है। उन्होंने सरकार से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की।

ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो उग्र आंदोलन
छात्र नेताओं का कहना था कि परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और छात्रों के भविष्य की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए। प्रदर्शन के दौरान टावर चौक पर कुछ देर तक राजनीतिक माहौल गर्म रहा। मौके पर मौजूद छात्रों और नेताओं ने कहा कि यदि पेपर लीक मामले में ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।