logo

XISS-TRI : सरकार और समाज के बीच ज्ञान का सशक्त सेतु बनें शैक्षणिक संस्थान : शिल्पी नेहा तिर्की

try.jpg


द फॉलोअप, रांची

राज्य की कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की आज एक्सआईएसएस (XISS), रांची एवं टीआरआई (TRI) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित ‘इंडिया रूरल कोलोक्वी 2026’ में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुईं। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण भारत की वास्तविक आवश्यकताओं, स्थानीय परिस्थितियों एवं जनभागीदारी पर आधारित विकास का व्यवहारिक खाका तैयार कर उसे सरकार के समक्ष नीति सुझाव (Policy Proposal) के रूप में प्रस्तुत करना था। अपने संबोधन में मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि किसी भी विकास प्रक्रिया की सफलता का सबसे बड़ा आधार जनता का विश्वास होता है। जनप्रतिनिधियों का विश्वास जीतने से पहले यह आवश्यक है कि आम लोगों को यह भरोसा हो कि विकास की योजनाएँ उनकी जरूरतों, आकांक्षाओं और स्थानीय परिस्थितियों को ध्यान में रखकर बनाई जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में ग्रामीण और शहरी विकास के स्वरूप में स्पष्ट अंतर दिखाई देता है। शहरी क्षेत्रों में विकास अपेक्षाकृत अधिक योजनाबद्ध, समन्वित और दीर्घकालिक दृष्टिकोण के साथ किया जाता है, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में अनेक बार समग्र योजना के अभाव में विकास कार्य बिखरे हुए स्वरूप में संचालित होते हैं। उन्होंने कहा कि रांची इसका एक अच्छा उदाहरण है, जहाँ शहरी विकास में स्पष्ट योजना और दिशा दिखाई देती है। मंत्री ने कहा कि इन चुनौतियों का समाधान केवल सरकार के प्रयासों से संभव नहीं है। शैक्षणिक संस्थानों, शोध संस्थाओं एवं सामाजिक संगठनों की भी इसमें समान रूप से महत्वपूर्ण भूमिका है। ऐसे संस्थानों को स्थानीय परिस्थितियों का गहन अध्ययन कर व्यवहारिक, वैज्ञानिक और साक्ष्य-आधारित सुझाव सरकार तक पहुँचाने चाहिए, ताकि नीतियाँ अधिक प्रभावी बन सकें और सरकारी संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित हो सके।

उन्होंने कहा कि सरकार और शैक्षणिक संस्थानों के बीच ज्ञान का एक मजबूत सेतु स्थापित करने की आवश्यकता है। संस्थानों की भूमिका केवल शोध और अध्ययन तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि उन्हें समाज की वास्तविक समस्याओं की पहचान कर उनके व्यावहारिक समाधान नीति-निर्माताओं के समक्ष प्रस्तुत करने चाहिए। इससे नीति निर्माण और उसके प्रभावी क्रियान्वयन के बीच मौजूद दूरी को कम किया जा सकेगा। शिल्पी नेहा तिर्की ने विशेष रूप से एक्सआईएसएस (XISS) जैसे संस्थानों से अपेक्षा व्यक्त करते हुए कहा कि वे सरकार और समाज के बीच ज्ञान-साझेदारी (Knowledge Sharing) को और अधिक सशक्त बनाने में अग्रणी भूमिका निभाएँ। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ऐसे विचार-विमर्श और शोध आधारित पहल ग्रामीण भारत के समावेशी, टिकाऊ एवं जनकेंद्रित विकास की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान

देंगी।


 

Tags - Jharkhand SISS TRI Minister Shilpi Neha Tirkey India Rural Colloquy 2026