logo

Ranchi : बेहतर इलाज के लिए चेन्नई ले जाए जाएंगे शिक्षा मंत्री जगरन्नाथ महतो, एयर एंबुलेंस ने भरी उड़ान

a1314.jpg

रांची: 

शिक्षा मंत्री जगरन्नाथ महतो को एयरलिफ्ट कर चेन्नई लिया जायेगा। रात साढ़े 8 बजे शिक्षा मंत्री को एयर एंबुलेंस के जरिए एमजीएम चेन्नई ले जाया जायेगा। फिलहाल, शिक्षा मंत्री जगरन्नाथ महतो रांची के पारस अस्पताल में भर्ती हैं। गौरतलब है कि शिक्षा मंत्री को सोमवार को विधानसभा सत्र के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ने की वजह से अस्पताल में भर्ती कराया गया था। 

एयर एंबुलेंस के जरिए चेन्नई जाएंगे
रिपोर्ट्स के मुताबिक एमजीएम चेन्नई से एयर एंबुलेंस ने रांची के लिए उड़ान भरी है। रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से एयर एंबुलेंस शिक्षा मंत्री को लेकर वापस चेन्नई के लिए उड़ान भरेगा। गौरतलब है कि पिछले साल कोरोना पॉजिटिव होने की वजह से फेफड़ों में गंभीर संक्रमण के कारण शिक्षा मंत्री जगरन्नाथ महतो को चेन्नई में अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहां, जगरन्नाथ महतो के फेफड़े ट्रांसप्लांट किए गये थे। लंबे इलाज के बाद शिक्षा मंत्री झारखंड लौटे थे। 

इन दिनों काफी एक्टिव रहे हैं शिक्षा मंत्री
गौरतलब है कि हालिया दिनों में शिक्षा मंत्री काफी एक्टिव थे। विभाग का काम देखने के अलावा वे अपने सरकारी आवास पर लोगों से मिल रहे थे। उनकी समस्याओं का निराकरण कर रहे थे। हाल ही में शिक्षा मंत्री जगरन्नाथ महतो गिरिडीह जिले के दौरे पर थे जहां उत्क्रमित मध्य विद्यालय पोरदाग में बच्चों के साथ बैठकर मिड-डे-मील भी खाया था। बच्चों के साथ बातचीत करते भी दिखे थे।

डॉक्टरों का कहना है कि उनकी हालत फिलहाल स्थिर है लेकिन एहतियातन उनको रेफर किया जा रहा है। चूंकि, एमजीएम अस्पताल में उनके लंग्स का ट्रांसप्लांट हुआ था। वहां के डॉक्टरों को ज्यादा पता है।