द फॉलोअप डेस्क
धनबाद में मंगलवार सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने अवैध कोयला खनन और उससे जुड़े काले कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए जिले के 25 अलग-अलग ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू की। कार्रवाई के लिए ईडी की 25 टीमों को लगाया गया है। जिन लोगों के परिसरों पर छापेमारी की जा रही है उनमें कोयला कारोबारी एलबी सिंह, अनिल गोयल, गणेश यादव, पप्पू मंडल, अनूप चौहान, हरेंद्र चौहान, पूर्व विधानसभा प्रत्याशी रोहित यादव और उनके सहयोगियों के नाम शामिल हैं।

अवैध कोयला नेटवर्क की जांच में जुटी ईडी
जानकारी के अनुसार, ईडी ने अवैध कोयला खनन, परिवहन और भंडारण से जुड़े कथित नेटवर्क की जांच के तहत यह कार्रवाई की है। एजेंसी ने इस मामले में चार अलग-अलग प्रवर्तन मामला सूचना रिपोर्ट (ईसीआईआर) दर्ज कर जांच शुरू की है। जांच एजेंसी को संदेह है कि अवैध कोयला कारोबार के जरिए बड़े पैमाने पर संपत्ति अर्जित की गई है, जिसकी वित्तीय पड़ताल की जा रही है।

दस्तावेज और वित्तीय रिकॉर्ड की हो रही जांच
छापेमारी के दौरान ईडी की टीमें दस्तावेजों, वित्तीय लेनदेन से जुड़े रिकॉर्ड और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्यों की गहन जांच कर रही हैं। सभी ठिकानों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं ताकि कार्रवाई में किसी प्रकार की बाधा न आए। ईडी का उद्देश्य पूरे नेटवर्क की परतें खोलना और इसमें शामिल लोगों की भूमिका स्पष्ट करना है।