द फॉलोअप डेस्क
आर्मी लैंड स्कैम मामले में रांची के पूर्व डीसी IAS छवि रंजन की गुजारिश को ईडी ने ठुकरा दिया है। छवि रंजन ने ईडी कार्यालय में उपस्थित होने के लिए दो सप्ताह की मोहलत मांगी थी। मगर सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार ईडी आईएएस छवि रंजन को मोहलत देने के मूड में नहीं है। उनके गुजारिश को ठुकराते हुए 21 अप्रैल यानी शुक्रवार को ही 4 बजे कार्यालय में पूछताछ के लिए उपस्थित होने का निर्देश दिया है। जानकारी के अनुसार ईडी ने आईएएस छवि रंजन के पेश नहीं होने पर कड़ी कार्रवाई की भी बात कही है। बताते चलें कि ईडी आईएएस छवि रंजन को समन जारी कर 21 अप्रैल को ईडी के क्षेत्रीय कार्यालय हिनू बुलाया था। मगर गुरुवार 20 अप्रैल को छवि रंजन ने ईडी के समक्ष उपस्थित होने के लिए दो हफ्ते का समय मांगा था। जिसे ईडी ने अस्वीकार कर दिया है।

13 अप्रैल को ईडी ने की थी छापेमारी
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने आइएएस अधिकारी छवि रंजन, सीओ, राजस्व कर्मचारी सहित कई जमीन माफियाओं के यहां एक साथ 13 अप्रैल को छापेमारी की थी। गौरतलब है कि छवि रंजन सहित अंचलाधिकारियों पर नियमों का उल्लंघन कर जमीन की खरीद-बिक्री को मंजूरी देने का आरोप है। बताया जा रहा है कि रांची के बरियातू स्थित सेना के कब्जे वाली 4.55 एकड़ जमीन की खरीद-बिक्री मामले में ईडी ने यह कार्रवाई की। बता दें कि रांची में सेना की जमीन की रजिस्ट्री के मामले में रांची जिला प्रशासन की भूमिका भी संदेह के घेरे में है। दोनों ही जगहों पर जमीन की खरीद करने वाले, रजिस्ट्री करने वाले व्यक्ति, सरकारी पदाधिकारी जिनकी भूमिका रजिस्ट्री म्यूटेशन में है, वह ईडी के रडार पर हैं। सेना जमीन खरीद में फर्जीवाड़ा के मामले में ईडी मनी लाउंडिंग के पहलूओं पर जांच कर रही है। सेना से मिले दस्तावेजों के मुताबिक जमीन की खरीद बिक्री में बड़ी गड़बड़ी की पुष्टि भी हुई है।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें: https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT