द फॉलोअप टीम, जमशेदपुर
झारखंड की आर्थिक राजधानी और राज्य के औद्योगिक विकास का केंद्र जमशेदपुर अपराधियों के करामात से लगातार दहल रही है। आए दिन गोलियों की ठांय-ठांय से कारोबारी और व्यवसायी दहशत में है। आम लोग भी भय के साये में है। हर दूसरे-तीसरे दिन अपराधी बड़ी घटना को अंजाम देते जा रहे हैं। पुलिस पस्त और अपराधी मस्त दिखायी पड़ने लगे हैं। पिछले तीन दिनों में दो बड़ी आपराधिक घटनाओं को अंजाम दिए जाने के बाद पुलिसिंग पर गंभीर सवाल खड़ा होने लगे हैं। अपराधियों के बढ़ते मनोबल से जिले की शांति भंग हो उठी है। नये पुलिस कप्तान भी अब सवालों के घेरे में हैं।
.jpeg)
हिमांशु, सबलोक की हत्या के बाद बैंक लूट और बिंदल मॉल के पास गोलीबारी
24 सितंबर को गोलमुरी स्थित केनरा बैंक में दिनदहाड़े पांच हथियारबंद बदमाशों ने दिन के 9 बजे धावा बोला। बदमाशों ने लगभग 40 लाख कैश और लगभग 33 करोड़ के जेवरात लॉकर से लूट लिए। वारदात के बाद सभी बदमाश पैदल ही फरार हो गए। बैंक डकैती के तुरंत बाद उसी इलाके में एक ज्वेलर्स दुकान में भी चोरी की घटना सामने आई। जिसने शहर की कानून-व्यवस्था की पोल खोल दी। इन घटनाओं से आक्रोशित होकर गोलमुरी बाजार के व्यापारियों ने सुरक्षा की मांग को लेकर बाजार बंद कर दिया और प्रशासन से तुरंत ठोस कदम उठाने की मांग की। लेकिन पुलिस इनाम की घोषणा के आलावा अब तक कुछ नहीं कर पाई है।
इससे पहले 24 अगस्त को युवा कारोबारी और होटल क्रिस्टल के मालिक निखार सबलोक की टेंथ तमाइल स्टोन होटल परिसर में गोलियों से छलनी कर दी गयी थी। सबलोक को लगभग 11 गोलियां मारे जाने की बात सामने आयी। अस्पताल पहुंचते पहुंचते सबलोक स्वर्ग सिधार गए। इससे थोड़ा और पहले जाएं तो 27 जून को डीडी बार के नीचे अपराधियों ने हिमांशु सिंह की हत्या कर दी थी। यह हत्या पुलिस की मौजूदगी में हुई। पुलिस वैन से हिमांशु को खींच कर अपराधियों ने बाहर निकाला और उसकी हत्या कर दी। इसी तरह 25 अगस्त को सीताराम डेरा के चयनगर इलाके से चंदन गिरि का शव बरामद हुआ। शनिवार को मरीन ड्राइव स्थित बिंदल मॉल के पास शनिवार यानी आज भी फायरिंग की घटना से अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार गोली लगने से तीन लोग घायल हुए हैं। घटना के बाद आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया है। बैंक लूट की घटना के दो दिनों बाद ही इस तरह दिन दहाड़े हुई आपराधिक घटना से जमशेदपुर के आम नागरिक भयाक्रांत हो उठे हैं।

चापड़ चलाने, चोरी, छिनतई और लूटपाट की आए दिन हो रही घटनाएं
इसके अलावा लौह नगरी में आए दिन चापड़ चलाने और चोरी, छिनतई और लूट-पाट की घटनाएं आम है। पिछले दो महीने में दर्जन भर से अधिक इस तरह की आपराधिक घटनाएं हुई है। अवैध जुआ और लॉटरी के धंधे में 23 सितंबर को साकची में पुलिस ने एक रैकेट का भंडाफोड़ किया, जो काफी दिनों से संचालित था। इस तरह हालात इतने बिगड़ गए हैं कि अधिकतर महिलाओं ने डर के मारे सोने के जेवरात पहनकर बाहर निकलना बंद कर दिया है। आम लोग दहशत में हैं। कारोबारी और व्यवसायी भयाक्रांत हैं।
.jpeg)