logo

NEET UG-2026 के मद्देनज़र आसनसोल रेल मंडल की विशेष व्यवस्था, छात्रों की सुविधा को लेकर चलेंगी स्पेशल ट्रेनें

railway2.jpg

द फॉलोअप डेस्क 
देशभर में 21 जून को आयोजित होने वाली NEET UG -2026 परीक्षा में सम्मिलित होने वाले विद्यार्थियों की सुगम एवं सुविधाजनक यात्रा सुनिश्चित करने के लिए पूर्व रेलवे के आसनसोल रेल मंडल द्वारा विभिन्न परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने के लिए विशेष ट्रेन व्यवस्था की गई है। 21 जून को ट्रेन संख्या 22321 हूल एक्सप्रेस को विद्यार्थियों की सुविधा के लिए अंडाल एवं सिउड़ी खंड के बीच सभी स्टेशनों पर अस्थायी ठहराव प्रदान किया जाएगा, ताकि परीक्षार्थी अपने परीक्षा केंद्रों तक आसानी से पहुंच सकें। इसी प्रकार, 05573 सरायगढ़–देवघर विशेष ट्रेन भी उसी दिन बांका एवं देवघर खंड के बीच सभी स्टेशनों पर अस्थायी ठहराव करेगी, जिससे NEET परीक्षार्थियों एवं अन्य यात्रियों को लाभ मिलेगा।

झारखंड के यात्रियों को सुविधा

बीरभूम क्षेत्र के यात्रियों की सुविधा के लिए 21 जून को 08 डिब्बों वाली विशेष मेमू ट्रेन (03539/03540) अंडाल एवं सैंथिया के बीच चलाई जाएगी। यह ट्रेन अंडाल से प्रातः 10:15 बजे प्रस्थान करेगी तथा काजोराग्राम, सिदुली, उखरा, पांडाबेश्वर, भीमगड़ा, पांचरा, दुबराजपुर, चिनपाई, कचुजोर, सिउड़ी, कुनुरी एवं महिषादहाड़ी स्टेशनों पर ठहरते हुए सैंथिया 12:15 बजे पहुंचेगी। वापसी यात्रा में यह ट्रेन सैंथिया से 18:15 बजे प्रस्थान कर अंडाल 20:15 बजे पहुंचेगी। इसी प्रकार, झारखंड क्षेत्र के यात्रियों की सुविधा को देखते हुए रेलवे ने 21 जून को 08 डिब्बों वाली विशेष मेमू ट्रेन (03541/03542) जसीडीह एवं दुमका के बीच देवघर एवं बासुकीनाथ होकर चलाई जाएगी। यह ट्रेन जसीडीह से प्रातः 09:30 बजे प्रस्थान करेगी तथा देवघर, मोहनपुर, सिरसा नूंथर हॉल्ट, घोरमारा, धनपतडीह, चंदनपहाड़ी, बासुकीनाथ, जामा एवं न्यू मदनपुर स्टेशनों पर ठहरते हुए दुमका 11:15 बजे पहुंचेगी। वापसी के क्रम में  यह ट्रेन दुमका से 18:30 बजे प्रस्थान कर जसीडीह 20:15 बजे पहुंचेगी।

आरामदायक एवं परेशानी मुक्त यात्रा

रेलवे के इन विशेष व्यवस्थाओं का उद्देश्य NEET UG-2026 परीक्षा में सम्मिलित होने वाले बड़ी संख्या में विद्यार्थियों की यात्रा को सुगम एवं व्यवस्थित बनाना है। वहीं आसनसोल रेल मंडल ने सभी विद्यार्थियों एवं यात्रियों से अपील की है कि वे इन विशेष ट्रेन सेवाओं का अधिकतम उपयोग करें तथा आरामदायक एवं परेशानी मुक्त यात्रा के लिए अपनी यात्रा की अग्रिम योजना बनाएं।

Tags - NEET UG 2026 Asansol Railway Division Exam Special Train Indian Railways