logo

पूर्वी सिंहभूम में तेज रफ्तार 12 चक्का ट्रक ने युवक को कुचला, मौके पर ही मौत

truck_jam.jpg

पूर्वी सिंहभूम 
पूर्वी सिंहभूम के पावरू पहाड़ मोड़ के पास रविवार सुबह तेज रफ्तार 12 चक्का ट्रक की चपेट में आने से 25 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गयी। मृतक की पहचान राजनगर थाना क्षेत्र के उरूघुटू गांव निवासी सुमन मंडल के रूप में हुई है। सुमन पोल्ट्री  चिकन ढोने वाले पिकअप वैन में खलासी का काम करता था। जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह पावरू पहाड़ स्थित वाशिंग सेंटर में पिकअप वैन की धुलाई करायी जा रही थी। वाहन धुलने के बाद सुमन नाश्ता करने के लिए सड़क किनारे स्थित होटल की ओर पैदल जा रहा था। इसी दौरान पावरू पहाड़ मोड़ चौक के पास शाह स्पंज कंपनी से माल खाली कर लौट रहे 12 चक्का ट्रक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रक की रफ्तार काफी तेज थी। ट्रक के नीचे आने से सुमन गंभीर रूप से कुचल गया और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गयी।

मुआवजा देने की मांग को लेकर हाता-टाटा मुख्य मार्ग जाम

हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गयी। आक्रोशित ग्रामीणों ने ट्रक चालक को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। इसके बाद मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग को लेकर हाता-टाटा मुख्य मार्ग जाम कर दिया। जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गयी। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी हुई। जाम और हंगामे की सूचना पर पोटका थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस ने नियमानुसार और उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया। दुर्घटनाग्रस्त ट्रक (सीजी-15-डीएच-5176) को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। पुलिस चालक के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। साथ ही हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गयी है। पुलिस ट्रक की रफ्तार समेत दुर्घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है।

Tags - Road Accident Potka Police Station Road Safety