logo

1 करोड़ के इनामी नक्सली असीम मंडल समेत 6 की तलाश में जुटी पुलिस, जारी किए पोस्टर

WhatsApp_Image_2026-08-31_at_9_03_38_AM.jpeg

पूर्वी सिंहभूम
पूर्वी सिंहभूम को नक्सलमुक्त घोषित किये जाने के बाद भी पुलिस की नजर जिले में सक्रिय रहे पुराने नक्सली नेटवर्क के बचे सदस्यों पर टिकी हुई है। पुलिस ने एक करोड़ रुपये के इनामी माओवादी असीम मंडल उर्फ आकाश समेत छह वांछित नक्सलियों की तस्वीर, नाम और इनाम की राशि वाले पोस्टर जारी कर उनकी तलाश तेज कर दी है। पटमदा, घाटशिला और गालूडीह थाना क्षेत्रों के ग्रामीण इलाकों में पोस्टर चिपकाकर पुलिस ने आम लोगों और दुकानदारों से इनकी गतिविधियों की सूचना देने की अपील की है।
छह नक्सलियों पर लाखों-करोड़ों का इनाम
पुलिस के मुताबिक, असीम मंडल पर एक करोड़ रुपये, राम प्रसाद मार्डी उर्फ महाराज उर्फ सचिन पर 15 लाख, मीता उर्फ नयनतारा उर्फ घुमो उर्फ पोरी पर 10 लाख, मंगल सिंह सरदार उर्फ मंगल महतो उर्फ पांडेय पर पांच लाख, मालती मुर्मू उर्फ मालती पर दो लाख और बुलु महतो उर्फ गौरी पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित है। पुलिस ने पोस्टर में इनके नाम और तस्वीर के साथ इनाम की राशि भी सार्वजनिक की है।
कभी 15 सदस्यीय था असीम मंडल का दस्ता
ये सभी इनामी नक्सली कभी एक करोड़ के इनामी नक्सली असीम मंडल से जुड़े करीब 15 सदस्यीय दस्ते का हिस्सा रहे हैं। समय के साथ पुलिस कार्रवाई में इस दस्ते के कई सदस्य गिरफ्तार हुए, कुछ मुठभेड़ में मारे गये और कुछ ने आत्मसमर्पण कर दिया। अब दस्ते के बचे छह सदस्यों को पकड़ना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है। पुलिस का मानना है कि असीम मंडल और उसके बचे सहयोगी झारखंड-बंगाल सीमा से सटे जंगलों और दुर्गम इलाकों में ठिकाना बदलकर रह सकते हैं। इसी को देखते हुए पुलिस ने पोस्टर के जरिये ग्रामीण सूचना तंत्र को मजबूत करने की कोशिश शुरू की है।
दलमा से घाटशिला तक जंगलों में ऑपरेशन
असीम मंडल और उसके सहयोगियों की तलाश में पुलिस और कोबरा बटालियन की टीमें झारखंड-बंगाल सीमा पर लगातार अभियान चला रही हैं। दलमा से घाटशिला तक करीब 30-35 किलोमीटर के जंगल और पहाड़ी इलाके में सुरक्षाबलों की गतिविधियां बढ़ायी गयी हैं। गुड़ाझोर, भोमराडीह, कालचीती, केशरपुर समेत कई इलाकों में पुलिस और कोबरा के जवानों ने तलाशी अभियान चलाया है। जंगलों में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए पिकेटिंग भी की जा रही है। गौरतलब है कि इन पहाड़ों में नक्सली पहले भी छिपते रहे हैं। बरसात में पहाड़ों-जंगलों में पुलिस को ऑपरेशन चलाने में परेशानी होती है, जिसका फायदा नक्सली उठाते हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, असीम मंडल लंबे समय से सुरक्षा बलों की पकड़ से बाहर है। उसके संभावित ठिकानों और आवाजाही के रास्तों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। बरसात के मौसम में जंगल और पहाड़ी इलाकों में अभियान चुनौतीपूर्ण होने के बावजूद पुलिस की कार्रवाई जारी है।
सूचना देने वालों की पहचान रहेगी गोपनीय
पुलिस की ओर से जारी पोस्टर में स्पष्ट किया गया है कि इनामी नक्सलियों के बारे में सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जायेगी और नियमानुसार उन्हें इनाम दिया जायेगा। पुलिस ने ग्रामीणों और दुकानदारों से अपील की है कि किसी संदिग्ध व्यक्ति की मौजूदगी, आवाजाही या नक्सली गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। सूचना एसएसपी, पूर्वी सिंहभूम के मोबाइल नंबर 9431706480, एसपी ग्रामीण के नंबर 9470199228 तथा डीएसपी पटमदा के नंबर 9431706496 पर दी जा सकती है।
पांच नक्सली पहले ही गिरफ्तार या ढेर
बता दें कि असीम मंडल की टीम के पांच नक्सली पहले गिरफ्तार किये जा चुके हैं। इनमें एक ने सरेंडर कर दिया था, जबकि तीन मारे जा चुके हैं। अब पुलिस बाकी नक्सलियों को घेरने में जुटी है। खास बात यह है कि पूर्वी सिंहभूम जिला नक्सलमुक्त घोषित हो चुका है, लेकिन पुलिस अब भी उस नेटवर्क की अंतिम कड़ियों को तलाश रही है, जिसने कभी दलमा से लेकर घाटशिला तक के जंगलों को अपना सुरक्षित इलाका बना रखा था।

Tags - Asim Mandal Naxalite East Singhbhum Naxal News Jharkhand Police Most Wanted Dalma Jungle Search Operation 1 Crore Bounty Naxalite