logo

पूर्वी सिंहभूम में ब्रेन मलेरिया से 5 बच्चों की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग सख्त, पोटका CHC के MOIC निलंबित  

POTKA_CHC.jpg

पूर्वी सिंहभूम

पूर्वी सिंहभूम जिले में मलेरिया के बढ़ते प्रकोप और पोटका क्षेत्र में ब्रेन मलेरिया से पांच बच्चों की मौत के मामले में स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। मलेरिया नियंत्रण और रोकथाम कार्यों में लापरवाही बरतने के आरोप में पोटका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी (MOIC) डॉ. रजनी महाकुड़ को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। उनकी जगह डॉ. सुकांत सीट को नया प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी नियुक्त किया गया है। दरअसल, पूर्वी सिंहभूम जिले में मलेरिया का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है।

मलेरिया नियंत्रण और रोकथाम अभियान में गंभीर लापरवाही

ऐसे में बढ़ते मामलों के बीच स्वास्थ्य विभाग ने पोटका प्रखंड में कार्रवाई की है। ब्रेन मलेरिया से पांच बच्चों की मौत के बाद विभागीय जांच में मलेरिया नियंत्रण और रोकथाम अभियान में गंभीर लापरवाही सामने आने पर पोटका सीएचसी के एमओआईसी डॉ. रजनी महाकुड़ को निलंबित कर दिया गया। स्वास्थ्य विभाग की जांच टीम ने पोटका क्षेत्र में मलेरिया की स्थिति, मरीजों की जांच, इलाज और रोकथाम के उपायों की समीक्षा की थी। समीक्षा के दौरान कार्यों में कमी पाये जाने के बाद यह कार्रवाई की गयी। संयुक्त सचिव, स्वास्थ्य विभाग के आदेश और सिविल सर्जन के निर्देश पर डॉ. रजनी महाकुड़ को निलंबित करते हुए उन्हें क्षेत्रीय उपनिदेशक, स्वास्थ्य सेवाएं कार्यालय, दुमका में योगदान देने का निर्देश दिया गया है।

मलेरिया के मामले तेजी से बढ़ रहे

विभाग ने प्रशासनिक व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए सीएचसी पोटका के नये प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी के रूप में डॉ. सुकांत सीट की नियुक्ति की है। उन्हें तत्काल प्रभाव से जिम्मेदारी संभालने का निर्देश दिया गया है। गौरतलब है कि पूर्वी सिंहभूम जिले में पिछले कुछ दिनों से मलेरिया के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। पोटका समेत कई ग्रामीण क्षेत्रों में ब्रेन मलेरिया के कारण बच्चों की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे थे। इसके बाद विभाग ने प्रभावित इलाकों में जांच, सर्वे और निगरानी अभियान तेज किया है। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार जिले में अब तक बड़ी संख्या में मलेरिया संक्रमित मरीज सामने आ चुके हैं। विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि बुखार आने पर तुरंत जांच कराएं और मच्छरों से बचाव के उपाय अपनाएं।

Tags - Brain Malaria Five Children Death Health Department Potka CHC