नंदलाल तुरी/पाकुड़:
Jharkhand News: पाकुड़ सदर प्रखंड के मालपहाड़ी थानाक्षेत्र अंतर्गत बाहिरग्राम स्थित शिव मंदिर प्रांगण में दशहरे का त्योहार धूमधाम से मनाया गया। श्री-श्री 108 दुर्गा पूजा समिति की ओर रावण दहन कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। आकर्षक आतिशबाजी और आदिवासी समुदाय का पारंपरिक नृत्य कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा। बड़ी संख्या में ग्रामीण इस कार्यक्रम में शामिल हुए। रावण दहन के साथ आतिशबाजी ने ग्रामीणों को खूब लुभाया। पारंपरिक आदिवासी नृत्य भी कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा। इस कार्यक्रम में संताल परगना की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत देखने को मिली।
धार्मिक उत्सव के साथ स्थानीय संस्कृति के इस संगम ने आयोजन को यादगार बनाया। ग्रामीणों ने कार्यक्रम का आनंद लिया और विजयादशमी की खुशियां साझा कीं।

भाजपा नेता बाबूधन मुर्मू बने मुख्य अतिथि
पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष सह भाजपा नेता बाबूधन मुर्मू कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। जिला पशुपालन पदाधिकारी और मालपहाड़ी थाना प्रभारी विवेक कुमार भी पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। आयोजन के दौरान लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। रावण के पुतले का दहन होते ही उत्सव का माहौल बन गया और आतिशबाजी ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया।

लोगों ने हर्षोल्लास से मनाया दशहरा
श्री श्री 108 दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष भारत साह और उपाध्यक्ष विनय कुमार पांडेय के नेतृत्व में कार्यक्रम आयोजित किया गया। आयोजन को सफल बनाने में गगन पांडेय, सुमित साह, मिथुन गुप्ता, प्रताप सिंह, निकेश सिंह,मोहन मुर्मू, मनोज राजवंशी सहित अन्य सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। विजयादशमी पर रावण दहन की परंपरा भगवान श्रीराम की रावण पर विजय का प्रतीक है। यह पर्व संदेश देता है कि अहंकार, अन्याय और अधर्म का अंत निश्चित है तथा सत्य और अच्छाई की अंततः जीत होती है। बाहिरग्राम में आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को बुराइयों का त्याग कर धर्म, सदाचार और सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी गई।