द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
Ranchi Durga Puja News: CM हेमंत सोरेन (Hemant Soren) से आज रांची की विभिन्न दुर्गा पूजा एवं शांति समितियों के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने मुलाकात की। इनमें रांची जिला दुर्गा पूजा समिति, रांची महानगर दुर्गा पूजा समिति एवं विभिन्न शांति समितियों का संयुक्त प्रतिनिधिमंडल शामिल था। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को चुनरी, मां दुर्गा की प्रतिमा एवं गुलदस्ता भेंट कर उनका अभिवादन किया। साथ ही दुर्गा पूजा के पावन उत्सव में सम्मिलित होने का विनम्र आग्रह किया।
दुर्गा पूजा समितियों को नहीं हुई परेशानी!
मुख्यमंत्री से प्रतिनिधिमंडल में शामिल सदस्यों ने कहा कि आपके नेतृत्व में दुर्गा पूजा समितियों को किसी प्रकार की कोई परेशानी या समस्या का सामना नहीं करना पड़ रहा है। जिला प्रशासन का पूर्ण सहयोग पूजा समितियों को मिल रहा है। दुर्गा पूजा समिति के सदस्य इस सकारात्मक पहल के लिए राज्य सरकार विशेषकर आपको (मुख्यमंत्री को) साधुवाद प्रेषित करती है। जिला प्रशासन द्वारा मिल रहा सहयोग हम सभी को पूर्ण संतुष्टि दे रहा है। आने वाले समय में भी पूजा समितियां इसी प्रकार के सहयोग की अपेक्षा रखती है।
.jpeg)
मुख्यमंत्री को सपरिवार पूजा पंडालों के भ्रमण का आमंत्रण
मुलाकात के दौरान दुर्गा पूजा समिति के सदस्यों ने हेमन्त सोरेन को आगामी शारदीय नवरात्रि के शुभ अवसर पर रांची के विभिन्न भव्य पूजा पंडालों का सपरिवार परिभ्रमण करने तथा माता रानी के दर्शन एवं महाआरती में शामिल होने के लिए सादर आमंत्रित किया। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि इस वर्ष भी राजधानी रांची में भव्य और आकर्षक पूजा पंडालों का निर्माण किया जा रहा है, जहां श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने दुर्गा पूजा समिति के सदस्यों को दिए कई सुझाव
हेमन्त सोरेन ने कहा कि यह बहुत हर्ष का विषय है कि प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी आप सभी लोग दुर्गा उत्सव की तैयारी पूरी श्रद्धा, निष्ठा और बढ़-चढ़कर कर रहे हैं। दुर्गा पूजा के पावन उत्सव की परंपरा लम्बे और अनंतकाल तक चलती रहे, यही माता रानी से यही हमारी प्रार्थना है।
पर्यावरण के अनुकूल हो प्रतिमाओं का विसर्जन!
मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल में शामिल सदस्यों से कहा कि आस्था और परंपरा को अक्षुण्ण रखते हुए यह जरूरी है कि मूर्ति विसर्जन कार्य पर्यावरण अनुकूल हो। मुख्यमंत्री ने कहा कि मूर्ति विसर्जन के बाद शहर के तालाबों, विभिन्न जलाशयों की स्थिति पर्यावरण के लिए चुनौती बनकर उभरती है, इस मद्देनजर राज्य सरकार और दुर्गा पूजा समिति के सदस्यों के बीच आपसी सामंजस्य स्थापित कर मूर्ति विसर्जन हेतु पर्यावरण अनुकूल कार्य योजना तैयार की जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि मूर्ति विसर्जन हेतु दुर्गा पूजा समिति के सदस्य एक वैकल्पिक व्यवस्था बनाएं, जहां इको फ्रेंडली तरीके से आस्था एवं श्रद्धा के अनुरूप मूर्ति विसर्जन किया जा सके।

दुर्गा पूजा पंडालों में "नशा मुक्ति जागरूकता" हेतु लगाएं होर्डिंग
मुख्यमंत्री ने दुर्गा पूजा समितियों के प्रतिनिधिमंडल से कहा कि दुर्गा पूजा उत्सव के दौरान विभिन्न पूजा पंडालों में नशा मुक्ति जागरूकता हेतु होर्डिंग्स जरूर लगाएं। राज्य सरकार एवं सामाजिक तथा धार्मिक संगठनों के आपसी समन्वय से ही नशा मुक्त झारखंड के निर्माण की परिकल्पना को पूरा किया जा सकेगा। वर्तमान समय में यह आवश्यक है कि हम सभी लोग नशा मुक्ति अभियान में अपनी महती जिम्मेदारी का निर्वहन करें तथा घर-परिवार एवं समाज के भीतर विशेष कर नौजवान युवाओं से यह आग्रह करें कि वे किसी भी प्रकार का नशा का आदि न बने।

मुख्यमंत्री ने दी शुभकामनाएं, सुरक्षा व सुचारू व्यवस्था के दिए निर्देश
मुख्यमंत्री ने कहा कि दुर्गा पूजा शक्ति की उपासना और असत्य पर सत्य की विजय का महापर्व है। यह उत्सव हमारे समाज में आपसी भाईचारे, सुख-समृद्धि और सांस्कृतिक एकता को मजबूत करता है। मुख्यमंत्री ने पूजा समितियों को त्योहार के सफल आयोजन के लिए अपनी शुभकामनाएं दी। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने त्योहार के दौरान पूरे राज्य में कानून-व्यवस्था दुरुस्त रखने का निर्देश दिया। बिजली, पानी, साफ-सफाई और यातायात प्रबंधन को सुगम बनाने का निर्देश भी दिया। इस अवसर पर रांची DC मंजूनाथ भजंत्री एवं SSP राकेश रंजन उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री को उन्होंने जिला प्रशासन की तैयारियों की विस्तृत जानकारी से अवगत कराया। मुलाकात के दौरान रांची जिला दुर्गा पूजा समिति के मनोज पांडेय (बबलू), राजेंद्र सिंह, मुनचुन राय, विक्की यादव, राहुल यादव, अशोक चौधरी, राहुल अग्रवाल, अशोक पुरोहित, रमेश गुप्ता, मयंक गिरी तथा रांची महानगर दुर्गा पूजा समिति के अजीत सहाय, रवींद्र वर्मा, संजय मिनोचा, सागर कुमार, अमरनाथ सरकार,लखपति साव, विनोद यादव, राजन वर्मा, समीर सिंह एवं शांति समिति के जय सिंह यादव, बादल सिंह सहित अन्य उपस्थित रहे।
.jpeg)