logo

डुमरी SDPO की बड़ी सफलता, बाइक चोर गिरोह का किया पर्दाफाश; 3 गिरफ्तार

pc.jpg

द फॉलोअप डेस्क

गिरिडीह जिले के डुमरी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सुमित प्रसाद के नेतृत्व में वाहन चोर गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है। जानकारी के अनुसार, 29 जुलाई को निमियाँघाट थाना क्षेत्र के पुरानी जीटी रोड इसरी बाजार स्थित एक हार्डवेयर दुकान के पास से बाइक JH-10AV-4684 की चोरी की गई थी। इस मामले को लेकर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस कप्तान डॉ कुमार विमल के निर्देश पर SDPO डुमरी सुमित प्रसाद की मॉनिटरिंग में डुमरी पुलिस निरीक्षक के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन कर त्वरित कार्रवाई का निर्देश दिया गया।

SDPO सुमित प्रसाद ने बताया कि जांच के क्रम में तकनीकी टीम, मुखबिरों और CCTV फुटेज की सहायता से मुख्य आरोपी की पहचान की गई। इसी बीच सूचना मिली कि देवघर जिले के मधुपुर रेलवे स्टेशन पर GRP टीम ने एक संदिग्ध व्यक्ति सुनील ठाकुर, पिता सुदामा ठाकुर, ग्राम चरकखुर्द, थाना मनियाडीह, जिला धनबाद को पकड़ा है। निमियाँघाट पुलिस की टीम ने मधुपुर पहुंचकर उससे पूछताछ की, जहां कई स्थानों से दोपहिया वाहन चोरी करने और गिरिडीह के किशन यादव उर्फ प्रदीप एवं सचिन कुमार राय को बाइक बेचने की बात स्वीकार की,SDPO सुमित प्रसाद के नेतृत्व में छापेमारी करते हुए मुफ्फसिल थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पुरनी पटहरिया, गादी श्रीरामपुर स्थित किशन यादव के घर से कुल 14 चोरी की बाइक बरामद की गईं। वहीं, सचिन कुमार राय के पास से भी 2 चोरी की बाइक बरामद हुई। तीनों आरोपियों ने अपने-अपने  बयान में वाहन चोर गिरोह में शामिल होने और बाइक बेचने की बात स्वीकारी है।

SDPO सुमित प्रसाद ने प्रेस वार्ता कर पूरी कार्रवाई की जानकारी दी और बताया कि गिरिडीह पुलिस की ये कार्रवाई संगठित अपराध के खिलाफ एक बड़ी सफलता है। चोरी के अन्य मामलों की भी जांच जारी है, जल्द ही और खुलासे हो सकते हैं।

बाइक चोरी से बचने के लिए सुमित प्रसाद ने दिए सुझाव

  • बाइक में अलग से मजबूत U-लॉक या चेन लॉक जैसे मजबूत तालों का उपयोग करें।
  • अपनी बाइक जहां सीसीटीवी कैमरे लगे हो उस सुरक्षित स्थान पर पार्क करें।
  • अपनी बाइक को स्थानीय पुलिस विभाग या किसी मान्यता प्राप्त संगठन के साथ पंजीकृत करवाएं। 
  • जीपीएस ट्रैकर लगवाएं,एक जीपीएस ट्रैकर लगवाने से आप अपनी बाइक की लोकेशन का पता लगा सकते हैं।
  • यदि आपकी बाइक चोरी हो जाती है, तो तुरंत पुलिस को रिपोर्ट करें। 
  • बाइक के पुर्जे सुरक्षित करें या लॉक करें।
  • मोशन सेंसर और वाइब्रेशन डिटेक्टर वाले अलार्म सिस्टम का प्रयोग करें।
Tags - jharkhand news jharkhand latest news jharkhand update jharkhand khabar giridih news giridih update giridih police dumri news