logo

डुमरी में स्थायी SDM और BDO की नियुक्ति की मांग को लेकर राज्यपाल से मिलीं जिला परिषद की सदस्य सुनीता कुमारी  

dumri_parishad.jpg

रांची 

डुमरी जिला परिषद सदस्या सुनीता कुमारी ने झारखंड लोक भवन में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से शिष्टाचार भेंट कर डुमरी अनुमंडल एवं प्रखंड की गंभीर प्रशासनिक समस्याओं से उन्हें अवगत कराया। इस दौरान उन्होंने राज्यपाल को एक मांग पत्र सौंपते हुए डुमरी अनुमंडल में अनुमंडल पदाधिकारी (SDM) एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) की स्थायी नियुक्ति कराने की मांग की। सुनीता कुमारी ने बताया कि गिरिडीह जिले के डुमरी अनुमंडल में अनुमंडल पदाधिकारी का पद लगभग 17 महीनों से तथा प्रखंड विकास पदाधिकारी का पद करीब 9 महीनों से अतिरिक्त प्रभार के भरोसे संचालित हो रहा है। दोनों महत्वपूर्ण प्रशासनिक पदों पर स्थायी नियुक्ति नहीं होने के कारण आम जनता को सरकारी योजनाओं एवं प्रशासनिक कार्यों में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

समस्या के समाधान का आश्वासन

उन्होंने कहा कि अधिकारियों की कमी एवं दोहरी जिम्मेदारी के कारण अनुमंडल कार्यालय तथा प्रखंड कार्यालय के कार्य अत्यंत धीमी गति से हो रहे हैं। वर्तमान समय में जनगणना जैसे महत्वपूर्ण कार्य भी चल रहे हैं, जिससे स्थिति और अधिक गंभीर हो गई है। आम जनता के जो कार्य सामान्यतः एक सप्ताह या पंद्रह दिनों में पूरे होने चाहिए, वे कई-कई महीनों तक लंबित रह रहे हैं, जिससे क्षेत्र की जनता काफी प्रभावित एवं परेशान है। जिला परिषद सदस्या ने राज्यपाल से जनहित को ध्यान में रखते हुए डुमरी अनुमंडल में अनुमंडल पदाधिकारी तथा प्रखंड कार्यालय में प्रखंड विकास पदाधिकारी की स्थायी रूप से पदस्थापना कराने का आग्रह किया, ताकि आम जनता को त्वरित एवं सुचारु प्रशासनिक सुविधा उपलब्ध हो सके। वहीं राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने उनकी बातों को गंभीरता से सुनते हुए लोक भवन से मुख्यमंत्री के नाम पत्र प्रेषित कर शीघ्र समस्या के समाधान का आश्वासन दिया। इस अवसर पर भाजपा नेता सुरेंद्र कुमार, दीपक श्रीवास्तव, डालेश्वर महतो एवं रंजीत पंडित भी उपस्थित थे।

Tags - District Council Member Governor Santosh Kumar Gangwar courtesy meeting permanent posting demand public service issues