logo

गुजरात के राजकोट में काम करते समय डुमरी के मजदूर गणेश महतो की मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

dumri_labour_death.jpg

गिरिडीह
गिरिडीह के डुमरी प्रखंड के अतकी पंचायत निवासी गणेश महतो का 16 मई 2026 को गुजरात के राजकोट स्थित अतुल लिमिटेड कंपनी में काम करने के दौरान निधन हो गया. निधन की खबर गांव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया और परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है. जानकारी के अनुसार, गणेश महतो रोजी-रोटी कमाने के लिए राजकोट में मजदूरी का काम करते थे, जहां कार्य के दौरान ही उनकी मृत्यु हो गई. मृतक अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं. उनके परिवार में पत्नी दुलिया देवी, पुत्र राजेंद्र कुमार महतो, पुत्रियां अनिता कुमारी, यशोदा कुमारी और गुड़िया कुमारी शामिल हैं. इसके अलावा उनके पिता सहदेव महतो, माता भीखनी देवी और सुनीता कुमारी भी परिवार में हैं. घटना की सूचना मिलने के बाद भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य दीपक श्रीवास्तव एवं अतकी मुखिया ईश्वर हेंब्रम पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे और उन्हें ढांढस बंधाया. इस दौरान उन्होंने कंपनी प्रबंधन से मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा एवं हर संभव सहायता देने की मांग की.

Tags - Dumri labour Death in rajkot Dumri Labour Death in gujrat Giridih news updates Giridih labour Death in GujratDumri giridih