logo

डुमरी उपचुनाव : कई होटलों में छापेमारी, सांसद आदित्य साहू का कमरा भी खंगाला

344444.jpeg

द फॉलोअप डेस्क 

डुमरी उपचुनाव को देखते हुए चुनाव आयोग के निर्देशानुसार शनिवार देर रात डुमरी प्रखंड के कई नामी ग्रामीण होटलो में छापेमारी की गई l जिसमे इसरी बाजार स्थित तृषा होटल सहित कई होटल शामिल हैं। बताया जाता है कि प्रशासन को ये भनक लगी थी कि डुमरी और इसरी बाजार के कई होटलों में रुके नेताओं की ओर से पैसों की बंदरबाट और चुनाव को प्रभावित करने की साजिश रची जा रही है। 

डुमरी उपचुनाव को लेकर प्रशासन अलर्ट

प्रशासनिक टीम और छापेमार दलों की ओर से देर रात छापेमारी अभियान चलाया गया। हालांकि इस अभियान में प्रशासन को कोई सकारात्मक परिणाम नहीं मिला।  अर्थात् जिन-जिन होटलों में छापेमारी की गई थी, उन होटलों में नगद राशि नहीं मिली। इधर छापेमारी की कार्रवाई से बीजेपी और आजसू के नेताओं में प्रशासन के प्रति गुस्सा व्याप्त है। और राज्य सरकार पर भी इन पार्टी के नेताओं की ओर से कई आरोप लगाए जा रहे हैं। हालांकि प्रशासन की ओर से समझाने पर फिलहाल मामला शांत है। 

किन-किन होटलों में पड़ा छापा

ईसरी बाजार स्थित तृषा नामक होटल में बीजेपी के कई नेताओं सहित राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ठहरे हुए हैं। जब छापेमारी टीम ने उनके रूम को खुलवाया, तब आदित्य साहू सोए हुए थे। और अन्य कमरों में भी लोग विश्राम कर रहे थे।  छापेमारी दलों के साथ पुलिस को कमरे के बाहर देख एक मिनट के लिए लोग हैरान रह गए। लेकिन पुलिस की जांच करने पर वहां किसी प्रकार की लेनदेन और नगदी बारामदी नहीं हुई। वहीं डुमरी मोड़ स्थित स्पॉटलाइट नामक होटल, होटल गांव सहित कई होटलो में छापेमारी से एक तरफ नेताओ में खलबली है तो दूसरी ओर रोष भी है। 

 

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N