द फॉलोअप डेस्क
दुमका के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के कैराबनी गांव में बुधवार रात एक आदिवासी महिला को उसके देवर ने दूसरे गांव के युवक के साथ घर के कमरे में देख लिया। महिला का पति उस समय घर पर मौजूद नहीं था। युवक के महिला से मिलने की जानकारी मिलने के बाद देवर ने कमरे में बाहर से ताला लगा दिया। इसके बाद रात में गांव के लोग भी मौके पर जुट गए और गांव के प्रधान ने महिला के पति को घटना की जानकारी दी।

पति के पहुंचने पर खुला कमरा
गुरुवार दोपहर बाद महिला का पति गांव पहुंचा, जिसके बाद कमरे का ताला खोला गया। इसके बाद महिला और युवक को कमरे से बाहर निकाला गया। स्थानीय लोगों के बीच हुई बातचीत के दौरान पति ने कहा कि वह अपनी पत्नी को अपने साथ रखने के लिए तैयार है। साथ ही उसने कहा कि अगर पत्नी दूसरे युवक के साथ जाना चाहती है तो उसे इस पर कोई आपत्ति नहीं है।

पति ने जताया अविश्वास
ग्रामीणों के अनुसार, पति की गैरमौजूदगी में महिला की दूसरे गांव के युवक से दोस्ती हुई थी और दोनों के बीच लगातार मुलाकात होती थी। बुधवार रात युवक महिला से मिलने उसके घर पहुंचा था, जिसकी भनक देवर को लग गई। पति ने ग्रामीणों के सामने कहा कि इस घटना के बाद उसका अपनी पत्नी पर विश्वास नहीं रहा। मामले को लेकर गांव में काफी देर तक चर्चा होती रही।