logo

दुमका को नई ट्रेनों की सौगात देने की मांग, सीता सोरेन ने रेल मंत्री को लिखा पत्र

ेगूो24.jpg

द फॉलोअप डेस्क
जामा की पूर्व विधायक एवं भाजपा नेत्री सीता सोरेन ने दुमका क्षेत्र के यात्रियों की सुविधा और जनहित को ध्यान में रखते हुए केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर दुमका रेलवे स्टेशन से नई ट्रेनों के परिचालन और यात्री सुविधाओं के विस्तार की मांग की है। उन्होंने कहा कि दुमका संताल परगना प्रमंडल का प्रमुख केंद्र होने के साथ-साथ धार्मिक, ऐतिहासिक और प्रशासनिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है, लेकिन यहां से देश के प्रमुख शहरों के लिए अब भी पर्याप्त रेल सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं। सीता सोरेन ने अपने पत्र में दुमका से दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु और आसनसोल/रामपुरहाट-जसीडीह रूट पर नई एक्सप्रेस ट्रेनों के परिचालन की मांग की है। उन्होंने कहा कि इन ट्रेनों के शुरू होने से क्षेत्र के विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों और आम यात्रियों को काफी राहत मिलेगी तथा संताल परगना के लोगों की देश के अन्य हिस्सों से बेहतर रेल संपर्क स्थापित होगा।

 


बैद्यनाथ आने वाले श्रद्धालुओं के लिए स्पेशल ट्रेन की मांग
पूर्व विधायक ने पत्र में विशेष रूप से सावन माह का उल्लेख करते हुए कहा कि हर वर्ष लाखों श्रद्धालु बाबा बासुकीनाथ और बाबा बैद्यनाथ धाम के दर्शन के लिए इस क्षेत्र में पहुंचते हैं। दुमका से बासुकीनाथ की दूरी लगभग 25 किलोमीटर है। ऐसे में श्रावणी मेले के दौरान देश के प्रमुख शहरों से दुमका तक विशेष (स्पेशल) ट्रेनों का परिचालन किया जाए और वर्तमान ट्रेनों के फेरे भी बढ़ाए जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को बेहतर यात्रा सुविधा मिल सके।

 


जनहित में शीघ्र निर्णय लेने का किया आग्रह
सीता सोरेन ने रेल मंत्री से अनुरोध किया है कि जनहित को प्राथमिकता देते हुए दुमका रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं का विस्तार किया जाए और नई ट्रेनों के परिचालन को जल्द स्वीकृति दी जाए। उनका कहना है कि इससे न केवल स्थानीय लोगों को लाभ मिलेगा, बल्कि धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा और क्षेत्र के आर्थिक विकास को गति मिलेगी।

Tags - Jharkhand Dumka IndianRailways SitaSoren Sawan