दुमका
दुमका मुफस्सिल थाना क्षेत्र के डुमरसोल गांव में अंधविश्वास के चलते एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। सोमवार देर शाम 55 वर्षीय विधवा महिला पक्कू हेंब्रम की लाठी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी मुंशी टुडू को गिरफ्तार कर मंगलवार सुबह जेल भेज दिया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

अंधविश्वास में लिया खौफनाक फैसला
पुलिस के अनुसार, आरोपी की शादी करीब 10 साल पहले हुई थी, लेकिन वह पिता नहीं बन सका, जिसके बाद उसकी पत्नी उसे छोड़कर चली गई। पिछले वर्ष उसके पिता की भी मृत्यु हो गई थी। इन सभी घटनाओं के लिए वह अपने पड़ोस में रहने वाली विधवा महिला को जिम्मेदार मानता था। उसे शक था कि महिला डायन है और उसी के कारण उसका परिवार बर्बाद हुआ है।

बहाने से बुलाकर की हत्या
बताया जाता है कि महिला अक्सर उसे टोका-टाकी करती थी, जिससे वह और अधिक नाराज रहता था। घटना के दिन आरोपी ने पहले से हत्या की योजना बनाई और बहाने से महिला को अपने घर बुलाया। इसके बाद लकड़ी के डंडे से बेरहमी से पीटकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।