logo

दुमका में जहरीले फल के बीज खाने से एक दर्जन बच्चे बीमार

वाामप.jpg

द फॉलोअप डेस्क
दुमका जिले के शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के खाड़ुकदमा गांव में जहरीले फल के बीज खाने से करीब एक दर्जन बच्चों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। सभी बच्चों को पहले शिकारीपाड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। इनमें से छह बच्चों की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए फूलो-झानो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (PJMCH), दुमका रेफर किया गया। चिकित्सकों के अनुसार सभी बच्चों की हालत अब खतरे से बाहर है और उनकी लगातार निगरानी की जा रही है। जानकारी के अनुसार सभी बच्चे स्कूल से लौटते समय रास्ते में खेल रहे थे। इसी दौरान उन्होंने एक जहरीले फल को काजू का फल समझ लिया और उसके बीज निकालकर खा लिए। कुछ ही देर बाद बच्चों को पेट दर्द, शरीर में ऐंठन और बेचैनी की शिकायत होने लगी। कई बच्चे अर्धबेहोशी की हालत में घर पहुंचे, जिसके बाद परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर गए।


छह बच्चों को दुमका अस्पताल किया गया रेफर
शिकारीपाड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद छह बच्चों की स्थिति अधिक गंभीर होने पर उन्हें फूलो-झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया। बीमार बच्चों में अमीनुल अंसारी (8), शहनबाज अंसारी (7), जुनेद अंसारी (5), मो. वसीर आलम (8) और रिजवान अंसारी (8) समेत अन्य बच्चे शामिल हैं। बाकी बच्चों का इलाज शिकारीपाड़ा अस्पताल में जारी है।


डॉक्टरों ने बताया खतरे से बाहर
अस्पताल के चिकित्सकों ने बताया कि सभी बच्चों को आवश्यक दवाएं और उपचार उपलब्ध कराया गया है। इलाज के बाद उनकी हालत में लगातार सुधार हो रहा है। फिलहाल सभी बच्चे खतरे से बाहर हैं, हालांकि एहतियात के तौर पर चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है।
 

Tags - Dumka Jharkhand Children Health Shikaripara