logo

जरमुंडी विधायक के घर से युवक का शव बरामद, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

ेपोन40.jpg

द फॉलोअप डेस्क

दुमका जिले के हंसडीहा थाना क्षेत्र के नोनीहाट में जरमुंडी विधायक देवेंद्र कुंवर के घर से देर रात एक युवक का शव बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 28 वर्षीय सोनू राउत के रूप में हुई है, जो देवघर जिले के सारवां थाना क्षेत्र के दोयम तेलियाडीह गांव का रहने वाला था। जानकारी के अनुसार सोनू राउत विधायक के घर पर खाना बनाने का काम करता था और डाक बंगला परिसर में रहकर अपनी ड्यूटी करता था। बताया गया कि सोमवार सुबह उसने सभी के लिए नाश्ता तैयार किया और इसके बाद अपने कमरे में चला गया। दोपहर का भोजन बनाने के समय जब उसकी तलाश की गई तो वह नहीं मिला। काफी खोजबीन के बाद उसके कमरे में सोनू का शव मिला।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की वजह होगी स्पष्ट

घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ नवल किशोर सिंह के नेतृत्व में हंसडीहा और रामगढ़ थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। परिजनों की मौजूदगी में कमरे का दरवाजा खुलवाकर पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के परिजनों ने युवक की हत्या किए जाने की आशंका जताई है। वहीं पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। एसडीपीओ नवल किशोर सिंह ने बताया कि विधायक के घर से एक युवक का शव बरामद हुआ है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मामला आत्महत्या का है या हत्या का। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Tags - Dumka News Hansdiha Nonihat Devendra Kunwar Jarmundi MLA Sonu Raut Dead Body Jharkhand Crime Police Investigation Postmortem