logo

दुमका में ACB ने 5 हजार घूस लेते प्रभारी प्रधान लिपिक को पकड़ा

तगजगक2.jpg

द फॉलोअप डेस्क
दुमका में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सरैयाहाट अंचल कार्यालय के प्रभारी प्रधान लिपिक आनंद कुमार भारद्वाज को 5 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। एसीबी के अनुसार, सरैयाहाट थाना क्षेत्र के संतलेहटी गांव निवासी दीपक दास ने शिकायत की थी कि दुमका अनुमंडल पदाधिकारी की अदालत में लंबित भूमि विवाद मामले (वाद संख्या 534/2025) में जांच रिपोर्ट भेजने के एवज में प्रभारी प्रधान लिपिक उनसे 5 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहे थे। शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने मामले का सत्यापन कराया, जिसमें रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई।

सत्यापन के बाद बिछाया जाल, रिश्वत लेते ही दबोचा
एसीबी ने शिकायत और सत्यापन रिपोर्ट के आधार पर दुमका थाना कांड संख्या-06/26, दिनांक 08 जुलाई 2026 दर्ज कर ट्रैप टीम का गठन किया। बुधवार (9 जुलाई) को टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए सरैयाहाट अंचल कार्यालय में प्रभारी प्रधान लिपिक आनंद कुमार भारद्वाज को शिकायतकर्ता से 5 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद एसीबी की टीम आरोपी को अपने साथ ले गई और आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी।

भूमि जांच रिपोर्ट भेजने के नाम पर मांगी थी रिश्वत
शिकायत के अनुसार, अनुमंडल पदाधिकारी के निर्देश पर संबंधित भूमि की जांच रिपोर्ट भेजने की जिम्मेदारी प्रभारी प्रधान लिपिक को सौंपी गई थी। जब शिकायतकर्ता ने रिपोर्ट भेजने के संबंध में जानकारी ली, तो आरोपी ने कथित तौर पर 5 हजार रुपये देने की मांग की और कहा कि पैसे मिलने के बाद ही रिपोर्ट आगे बढ़ाई जाएगी। गिरफ्तार आरोपी आनंद कुमार भारद्वाज वर्तमान में सरैयाहाट अंचल कार्यालय में प्रभारी प्रधान लिपिक के पद पर कार्यरत हैं। एसीबी ने बताया कि गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत अग्रिम विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।

Tags - Dumka ACB Bribery Case Saryahat Circle Office Anand Kumar Bhardwaj ACB Trap