द फॉलोअप डेस्क
लोहरदगा जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने आम लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। बारिश के कारण जिले की प्रमुख नदियां शंख और कोयल नदी उफान पर हैं और खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। वहीं, बारिश के पानी से शहरी क्षेत्रों के कई इलाकों में जलजमाव हो गया है, साथ ही घरों और दुकानों में पानी घुसने लगा है, जिससे लोगों की परेशानी बढ़ गई है। लगातार बारिश के कारण शहरी क्षेत्र स्थित न्यू रोड के समीप एक फर्नीचर दुकान में बारिश का पानी घुसने से दुकान में रखे लाखों रुपए के फर्नीचर बरबाद हो गए हैं। लोग दुकानों और घरों में मशीन डालकर बारिश का पानी निकालने में लगे हैं। जिले में बारिश के कारण किसानों को भी काफी नुकसान हुआ है और उनकी फसलें बर्बाद हो गई हैं। बारिश से हो रहे नुकसान की भरपाई को लेकर लोहरदगा से कांग्रेस विधायक डॉ. रामेश्वर उरांव ने कहा कि लोहरदगा के साथ-साथ पूरे राज्य में बारिश के कारण नुकसान हुआ है। बारिश के कारण किसानों की फसलों का नुकसान हुआ है और कई लोगों को आर्थिक क्षति भी हुई है। इस संबंध में विधानसभा में आवाज उठाई जाएगी और सरकार से नुकसान की भरपाई करने का अनुरोध किया जाएगा, ताकि पीड़ितों को राहत मिल सके।
