जामताड़ा
जामताड़ा जिले में एक कंटेनर हाई-वोल्टेज बिजली तार से टकरा गया, जिससे वाहन में करंट फैल गया और बड़ा हादसा होते-होते टल गया. यह घटना जामताड़ा शहर के गायछंद मोड़ के पास नए प्रस्तावित NH-419 मार्ग पर हुई. दरअसल, उत्तराखंड नंबर का एक कंटेनर धनबाद की ओर जा रहा था. चालक जीपीएस के निर्देशों के अनुसार चल रहा था, लेकिन वह मुख्य मार्ग से भटककर संकरे ग्रामीण रास्ते पर पहुंच गया. जैसे ही वाहन गायछंद मोड़ के पास पहुंचा, उसकी उंची बॉडी सड़क के ऊपर से गुजर रहे लगभग 11,000 वोल्ट के हाई-वोल्टेज बिजली तार से टकरा गई. तार के संपर्क में आते ही पूरे कंटेनर में करंट फैल गया. हादसे के दौरान चालक ने जान बचाने के लिए चलती गाड़ी से छलांग लगा दी. गिरने पर वह सड़क किनारे एक खंभे से टकरा गया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई. उसे तुरंत स्थानीय लोगों की मदद से जामताड़ा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है.
घटना शुक्रवार देर रात की है. अंधेरा और सुनसान इलाका होने के कारण शुरुआत में कोई मदद नहीं मिल सकी. शॉर्ट सर्किट की वजह से कुछ ही सेकंड में बिजली आपूर्ति बंद हो गई, जिससे बड़ा नुकसान होने से बच गया. इसके बाद घायल चालक ने साहस दिखाते हुए कंटेनर को पीछे कर सुरक्षित स्थान पर खड़ा किया. स्थानीय लोगों ने इस घटना के लिए बिजली विभाग की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है. ग्रामीणों का कहना है कि सड़क के ऊपर से गुजरने वाली हाई-वोल्टेज तारें काफी नीचे लटक रही हैं और कई बार शिकायत के बावजूद उन्हें ठीक नहीं किया गया. साथ ही, संकरे मार्ग पर सुरक्षा के कोई पर्याप्त इंतजाम भी नहीं हैं. फिलहाल प्रशासन मामले की जांच कर रहा है. यह घटना एक बार फिर दिखाती है कि तकनीक पर अत्यधिक निर्भरता और व्यवस्था की लापरवाही मिलकर गंभीर दुर्घटनाओं का कारण बन सकती है.