द फॉलोअप डेस्क
घने कोहरे और बढ़ती शीतलहरी को देखते हुए गिरिडीह जिला प्रशासन ने विद्यार्थियों की सुरक्षा के मद्देनज़र बड़ा निर्णय लिया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग, मौसम विज्ञान केंद्र रांची द्वारा जारी विशेष बुलेटिन के अनुसार झारखंड में भारी ठंड और शीतलहरी की चेतावनी दी गई है। इस चेतावनी के तहत गिरिडीह जिले को येलो जोन में रखा गया है, जहां अत्यधिक ठंड पड़ने की संभावना जताई गई है।
मौसम की प्रतिकूल स्थिति को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005 की धारा 34 के अंतर्गत आदेश जारी किया है। आदेश के अनुसार गिरिडीह जिले में संचालित सभी सरकारी, गैर-सरकारी एवं निजी विद्यालयों में कक्षा केजी से लेकर 12वीं तक की सभी पठन-पाठन गतिविधियां 05 जनवरी 2026 से 06 जनवरी 2026 तक पूर्णतः स्थगित रहेंगी। जिला प्रशासन ने विद्यालय प्रबंधन को निर्देश दिया है कि आदेश का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।
हालांकि, जिन विद्यालयों में कक्षा 10वीं अथवा 12वीं की प्री-बोर्ड परीक्षा पूर्व से निर्धारित है, वहां परीक्षा को पूरी तरह स्थगित नहीं किया गया है। ऐसे मामलों में परीक्षा का संचालन पूर्वाह्न 10:00 बजे के बाद ही कराने का निर्देश दिया गया है, ताकि विद्यार्थियों को सुबह की कड़ाके की ठंड और कोहरे से राहत मिल सके। जिला प्रशासन ने अभिभावकों, विद्यालय प्रबंधन और आम नागरिकों से अपील की है कि बच्चों के स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें, अनावश्यक रूप से उन्हें घर से बाहर न निकलने दें तथा प्रशासन द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
