logo

जामताड़ा में DSP प्रमोद कुमार सिंह को पुलिस जवानों ने दी अंतिम सलामी, गार्ड ऑफ ऑनर के साथ विदाई

IRB_DSP.jpg

जामताड़ा

जामताड़ा के झिलुआ स्थित आईआरबी-1 में पदस्थापित डीएसपी प्रमोद कुमार सिंह (55) के आकस्मिक निधन के बाद शुक्रवार को आईआरबी-1 कैंप में पुलिस जवानों ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर देकर अंतिम सलामी दी। पोस्टमार्टम के बाद सम्मान के साथ उनका पार्थिव शरीर आईआरबी-1 झिलुआ कैंप लाया गया। पुलिस अधिकारियों और जवानों ने पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। बता दें  कि डीएसपी प्रमोद कुमार सिंह की गुरुवार देर शाम अचानक गिरने से मौत हो गई थी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ड्यूटी से लौटने के बाद करीब सात बजे वे किचन में थे। इसी दौरान अचानक गिर पड़े। उन्हें तत्काल जामताड़ा के पारस अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी

डॉक्टरों के अनुसार अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी। इधर, सूचना मिलते ही जामताड़ा एसपी शंभू कुमार सिंह समेत कई पुलिस अधिकारी अस्पताल पहुंचे और आवश्यक प्रक्रिया पूरी कराई। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद पार्थिव शरीर कैंप लाया गया, जहां जवानों ने पूरे सम्मान के साथ गार्ड ऑफ ऑनर देकर अंतिम विदाई दी। प्रमोद कुमार सिंह मूल रूप से बिहार के आरा के रहने वाले थे। वर्तमान में उनका परिवार रांची के कटहल मोड़ में रहता है। उनके निधन से पुलिस महकमे में शोक की लहर है। सहकर्मियों ने उन्हें कर्तव्यनिष्ठ और जिम्मेदार अधिकारी बताते हुए श्रद्धांजलि दी। मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।

Tags - DSP Pramod Kumar Singh Guard of Honour Jharkhand Police Funeral Ceremony