logo

ट्रैक्टर के नीचे दबा चालक, ग्रामीणों और पुलिस ने 3 घंटे की मशक्कत के बाद सुरक्षित निकाला

ट्रेक्टर.jpg

द फॉलोअप डेस्क
गिरिडीह जिले के तिसरी प्रखंड अंतर्गत लोकाय थाना क्षेत्र में बुधवार रात करमाटांड के पास एक अनियंत्रित ट्रैक्टर पलट गया, जिसके भारी-भरकम इंजन के नीचे दबकर चालक बुरी तरह फंस गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। 
चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत जुटे, जहाँ मंजर जिंदगी और मौत के बीच की जंग जैसा था। ग्रामीणों ने फौरन इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी। अंधेरी रात और सीमित संसाधनों के बावजूद किसी ने हिम्मत नहीं हारी। जहाँ कुछ लोग चालक को ढांढस बंधाते रहे, वहीं कुछ ने तुरंत जेसीबी (JCB) की व्यवस्था की।
वहीं सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची और ग्रामीणों के साथ मिलकर रेस्क्यू अभियान शुरू किया। करीब तीन घंटे तक जेसीबी की मदद से ट्रैक्टर को बेहद सावधानी से उठाने का प्रयास चलता रहा, ताकि फंसे हुए चालक को और चोट न पहुंचे। अंततः कड़ी मशक्कत के बाद चालक को इंजन के नीचे से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घायल चालक को तत्काल प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जमुई रेफर कर दिया गया है, जहां उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। 
 

Tags - jharkhand news jharkhand khabar jharkhand latest news ranchi news giridih news giridih khabar giridih update