द फॉलोअप डेस्क
महिला कॉलेज, चाईबासा में विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट 2026 कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। आयोजन समिति द्वारा उन्हें अंगवस्त्र एवं पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके बाद उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। अपने संबोधन में पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा ने कहा कि देश का भविष्य युवाओं के हाथ में है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य का उल्लेख करते हुए कहा कि यह सपना तभी साकार होगा जब युवा लोकतंत्र, संविधान और देश की एकता को समझेंगे और उसकी रक्षा करेंगे। उन्होंने आपातकाल के 50 वर्ष पूरे होने के संदर्भ में उस दौर को याद करते हुए लोकतंत्र की अहमियत पर भी प्रकाश डाला। कार्यक्रम में आपातकाल के 50 वर्ष विषय पर विशेष सेमिनार आयोजित किया गया, जिसमें युवाओं ने तीन-तीन मिनट का भाषण दिया। इस विषय पर पश्चिमी सिंहभूम जिले के 18 से 25 वर्ष आयु वर्ग के कुल 70 युवाओं ने ऑनलाइन पंजीकरण कराया। इनमें से चयनित पांच युवा रांची में राज्य स्तरीय कार्यक्रम में भाग लेंगे तथा वहां से चयन होने पर दिल्ली में राष्ट्रीय स्तर पर जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।

कार्यक्रम में कोल्हान विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. राजेन्द्र भारती, सामाजिक विज्ञान संकाय के डीन डॉ. परशुराम साईल, महिला कॉलेज की प्राचार्या प्रो. संगीता टोप्पो, डॉ. संजीव आनंद, श्री ज्ञान सिंह दोराइबुरु, श्रीमती बिमला, श्री चंद्रमोहन टिं, डॉ. अर्पित सुमन टोप्पो, एसोसिएट प्रोफेसर मुकुल मुंडा, डॉ. दारा सिंह गुप्ता (एचओडी, बॉटनी), डॉ. कमल कुमार महतो (एनएसएस नोडल ऑफिसर), डॉ. ओम प्रकाश (एनएसएस नोडल ऑफिसर, सरायकेला), डॉ. अभिषेक अमुएल सहित अन्य शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष, युवा मोर्चा चंद्र मोहन तिऊ भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
.jpeg)