logo

SIR : ड्राफ्ट वोटर लिस्ट प्रकाशित, 4 सितंबर तक करा सकते हैं आपत्तियों का निराकरण और जुड़वा सकते हैं नाम

123461.jpg

द फॉलोअप, रांची
निर्वाचन आयोग ने आज एसआईआर के तीसरे चरण में ड्राफ्ट वोटर लिस्ट का बुधवार को प्रकाशन कर दिया। कुल 2,64,63,236 में ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में 2,21,01,249 मतदाताओं के नाम दर्ज हैं। इनमें 1,12,06,755 पुरुष और 1,08,94,234 महिला मतदाताओं के अलावा 260 थर्ड जेंडर वोटर हैं। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के रवि कुमार ने बताया कि कोई भी मतदाता मतदाता ECINET मोबाइल एप, voters.eci.gov.in और मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, झारखंड की वेबसाइट के माध्यम से अपना नाम ऑनलाइन देख सकते हैं।  जिला, विधानसभा क्षेत्र और मतदान केंद्र का चयन कर मतदाता संबंधित पीडीएफ डाउनलोड कर सकते हैं। ASDD सूची में प्रत्येक नाम के साथ सूची में शामिल किए जाने का कारण भी दिया गया है। इसके लिए वेबसाइट पर "SIR Draft Roll 2026" और "SIR ASDD List 2026" लिंक उपलब्ध कराए गए हैं। 5 अगस्त से 4 सितंबर 2026 तक फॉर्म-6 भरकर छुटे हुए मतदाता अपना नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकते हैं। वहीं, मतदाता सूची में नाम, पता, उम्र या अन्य विवरण में त्रुटि होने पर निर्धारित प्रपत्र के माध्यम से सुधार भी करा सकते हैं।

के रवि कुमार ने बताया कि ऑफलाइन व्यवस्था के तहत प्रत्येक मतदान केंद्र पर प्रारूप मतदाता सूची और ASDD सूची की मुद्रित प्रतियां उपलब्ध कराई गई हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में पंचायत कार्यालयों और शहरी क्षेत्रों में नगर निकाय कार्यालयों के सूचना पट्ट पर भी इनका प्रदर्शन किया जाएगा। इसके अलावा सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट (BLA-2), जिला निर्वाचन पदाधिकारी (DEO), निर्वाचन निबंधन पदाधिकारी (ERO) और सहायक निर्वाचन निबंधन पदाधिकारी (AERO) कार्यालयों में भी सूची उपलब्ध रहेगी। उन्होंने सभी मतदाताओं से अपील की कि वे स्वयं अपना नाम और विवरण जांचें और अपने परिवार, पड़ोस, मित्रों और अन्य पात्र नागरिकों को भी मतदाता सूची में नाम जुड़वाने एवं त्रुटियों के सुधार के लिए प्रेरित करें. उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने कहा आपत्ति की प्रक्रिया 5 अगस्त से 4 सितंबर तक चलेगी। इसके साथ साथ 5 अगस्त से 3 अक्टूबर तक नोटिस, सुनवाई और सत्यापन की कार्रवाई होगी। अंतिम मतदाता सूची 7 अक्टूबर 2026 को प्रकाशित की जाएगी।

Tags - Jharkhand SIR draft voter list published August 5