डुमरिया
डुमरिया प्रखंड के भालुकपातड़ा मौजा में करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 30 बेड के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का उद्घाटन मंगलवार को झारखंड के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. इरफान अंसारी करेंगे। पोटका के विधायक संजीव सरदार के लगातार प्रयासों से डुमरिया के ग्रामीणों को स्वास्थ्य के क्षेत्र में यह सुविधा मिलने वाली है। नवनिर्मित अस्पताल डुमरिया प्रखंड की करीब 10 पंचायतों के हजारों ग्रामीणों के लिए बेहतर स्वास्थ्य सुविधा का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा। ग्रामीणों को इलाज के लिए दूर-दराज के अस्पतालों पर निर्भर न रहना पड़े, इसी उद्देश्य से गांव-गांव में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है।
30 बेड के साथ 24 घंटे मिलेगी स्वास्थ्य सेवा
नवनिर्मित अस्पताल में 30 बेड की सुविधा उपलब्ध होगी। इसके अलावा मरीजों को विभिन्न प्रकार की खून की जांच, गैर-संचारी रोगों (NCD) की जांच एवं सेवाएं तथा किशोर स्वास्थ्य परामर्श केंद्र की सुविधा मिलेगी। अस्पताल में 24 घंटे स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गयी है।.jpeg)
टीबी, मलेरिया और पीलिया की जांच की भी सुविधा
अस्पताल परिसर में ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट भी संचालित होगी, जहां टीबी, मलेरिया, पीलिया (जॉन्डिस) सहित विभिन्न आवश्यक जांच की सुविधा उपलब्ध होगी। इससे ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को स्थानीय स्तर पर जांच एवं स्वास्थ्य सेवाएं मिलने में काफी सहूलियत होगी।