नई दिल्ली
झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने आज दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से उनके आवास पर शिष्टाचार भेंट की। हालांकि यह मुलाकात केवल औपचारिक नहीं रही, बल्कि इसमें संगठनात्मक मजबूती और विभागीय कार्यों को लेकर गंभीर व प्रभावशाली बातचीत हुई।
इस दौरान डॉ. अंसारी ने झारखंड में स्वास्थ्य, खाद्य आपूर्ति और आपदा प्रबंधन विभागों की विस्तृत प्रगति रिपोर्ट कांग्रेस अध्यक्ष को सौंपी और राज्य में हो रहे बदलावों से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि कैसे स्वास्थ्य प्रणाली को सुदृढ़ करने के लिए वह दिन-रात जुटे हुए हैं और जमीनी स्तर पर उसके सकारात्मक परिणाम दिखने लगे हैं।

डॉ. अंसारी ने संगठनात्मक गतिविधियों पर भी बात की और कहा, “मैं केवल विभागीय कार्यों तक सीमित नहीं हूं। संगठन को भी मजबूत करने में लगा हूं। जिलों के लगातार दौरे कर रहा हूं, कार्यकर्ताओं से सीधी बातचीत कर रहा हूं और संगठन को सक्रिय बनाए रखने की पूरी कोशिश कर रहा हूं।”
मुलाकात के दौरान उन्होंने अपने उस फैसले का भी जिक्र किया जिसमें अस्पतालों को मृतक के शव को रोकने से मना किया गया था। यह फैसला पहले झारखंड में लागू हुआ और अब भाजपा शासित असम ने भी उसे अपनाया है। डॉ. अंसारी ने कहा, “झारखंड से जो शुरुआत हुई, उसकी गूंज अब देशभर में सुनाई दे रही है।”

मुलाकात के अंत में मल्लिकार्जुन खड़गे ने डॉ. अंसारी की सराहना करते हुए कहा, “आप बेहतरीन कार्य कर रहे हैं। पार्टी को आपसे बड़ी उम्मीदें हैं। राहुल गांधी स्वयं आपके कार्यों पर नजर रखे हुए हैं। आने वाले समय में आपको और बड़ी ज़िम्मेदारी मिल सकती है। भाजपा से डरने की जरूरत नहीं है, पूरी पार्टी आपके साथ है।”
