द फॉलोअप डेस्कः
रांची के नगड़ी थाना क्षेत्र में हुए डबल मर्डर का रांची पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में आधा दर्जन अपराधियों को रांची पुलिस ने गिरफ्तार किया है। जिसमें एक सेना का एक जवान भी शामिल है। मामले में कुछ अपराधी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के बाद पुलिस प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले का खुलासा करेगी। बता दें कि मंगलवार की शाम बुधराम मुंडा और मनोज कच्छप की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। जानकारी के अनुसार, पैसों के लेन-देन के साथ-साथ जमीन विवाद के कारण इस हत्याकांड को अंजाम दिया गया था। जानकारी मिली है कि बुधराम और मनोज कच्छप को सेना में कार्यरत एक जवान ने गोली मारी है। मामले में बुधराम और मनोज के गांव के कुछ लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि आरोपी जवान को भी गिरफ्तार किया गया है।
इस मामले में आधा दर्जन से अधिक अपराधी शामिल थे, सभी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। जानकारी के अनुसार, गांव के कुछ लोग मनोज और बुधराम के सामाजिक कार्यों से काफी नाराज थे, बुधराम और मनोज गांव की जमीन बाहरी लोगों द्वारा खरीदे जाने का विरोध भी करते थे, यह भी हत्या का कारण बना है। 30 वर्षीय मनोज मुंडा और 32 वर्षीय बुधराम मुंडा चाचा-भतीजा थे। प्रीति के अनुसार हत्यारों ने बमुश्किल तीन से चार मिनट में दोनों को गोली मार दी और भाग गए। ऐसा लग रहा है कि वे काफी समय से दोनों की रेकी कर रहे थे। जैसे ही सरस्वती पूजा विसर्जन की भीड़ कम हुई, मनोज और बुधराम को गोली मार दी गई।