logo

डबल डाउन बार सील, हिमांशु सिंह हत्याकांड के बाद प्रशासन की बड़ी कार्रवाई

पदसो1.jpg

द फॉलोअप डेस्क
जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित डबल डाउन पब एंड बार में हुए विवाद और उसके बाहर हुई चाकूबाजी में घायल हिमांशु सिंह की मौत के बाद जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बार को सील कर दिया है। घटना के बाद लगातार बढ़ते जनाक्रोश और कानून-व्यवस्था को लेकर उठ रहे गंभीर सवालों के बीच प्रशासन ने यह कदम उठाया है। प्रशासन का कहना है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सख्त कार्रवाई जरूरी है।


विरोध के बाद लगातार हो रही कार्रवाई
हिमांशु सिंह की मौत के बाद परिजनों और प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया था कि पूरी घटना पुलिस की मौजूदगी में हुई, लेकिन समय रहते प्रभावी हस्तक्षेप नहीं किया गया। इसको लेकर बिष्टुपुर के रीगल गोलचक्कर पर कई घंटों तक सड़क जाम और प्रदर्शन हुआ तथा प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। बढ़ते दबाव के बीच पहले घटना के समय ड्यूटी पर मौजूद तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया और बाद में बिष्टुपुर थाना प्रभारी आलोक दुबे को भी तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।


इलाके में पुलिस बल तैनात
प्रशासन ने कार्रवाई की कड़ी को आगे बढ़ाते हुए अब डबल डाउन बार को भी सील कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच तेजी से की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इलाके में स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। वहीं लोगों की नजर अब इस बहुचर्चित हत्याकांड में आगे होने वाली पुलिस और प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी हुई है।
 

Tags - Jamshedpur Bistupur Crime Jharkhand Police Double Down Bar