logo

डॉक्टर्स डे पर हरेलाल महतो ने किया चिकित्सकों का सम्मान, चांडिल अनुमंडल अस्पताल में डॉक्टरों की नियुक्ति की मांग

WhatsApp_Image_2026-07-01_at_8_06_03_PM.jpeg

द फॉलोअप डेस्क
राष्ट्रीय डॉक्टर्स डे के अवसर पर ईचागढ़ विधानसभा के पूर्व एनडीए प्रत्याशी एवं आजसू पार्टी के केंद्रीय महासचिव हरेलाल महतो ने बुधवार को चांडिल अनुमंडल अस्पताल पहुंचकर चिकित्सकों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों के बीच फल वितरित कर उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। कार्यक्रम के बाद उन्होंने अस्पताल का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान महतो ने कहा कि डॉक्टर समाज में भगवान का दूसरा स्वरूप हैं और मानव सेवा में उनका योगदान अतुलनीय है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय डॉक्टर्स डे पर चिकित्सकों का सम्मान करना हम सभी का दायित्व है। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में चिकित्सकों की भारी कमी पर चिंता जताते हुए कहा कि वर्तमान में पूरा अनुमंडल अस्पताल केवल एक चिकित्सक के भरोसे चल रहा है , जिससे क्षेत्र के हजारों मरीजों को समुचित स्वास्थ्य सुविधा नहीं मिल पा रही है।अनुमंडल अस्पताल में जल्द हो 5 डॉक्टरों की नियुक्ति
हरेलाल महतो ने राज्य सरकार से जनहित को ध्यान में रखते हुए अविलंब कम-से-कम चार से पांच चिकित्सकों की नियुक्ति करने की मांग की। उन्होंने कहा कि पर्याप्त डॉक्टरों की तैनाती से क्षेत्रवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी। उन्होंने 23 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित नए अनुमंडल अस्पताल भवन का उल्लेख करते हुए कहा कि भवन तैयार होने के बावजूद विगत कई वर्षों से उसका संचालन शुरू नहीं हो सका है। लगातार होने वाले टेंडर और मरम्मत कार्य सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़ा करता हैं। महतो ने सरकार से नए अस्पताल भवन को शीघ्र चालू कर आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग करते हुए कहा कि जनता के स्वास्थ्य से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं है और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। 
 

 
Tags - Doctors Day Harelal Mahto Chandil Hospital AJSU Party Jharkhand News