रांची
राजधानी रांची के बरियातू थाना क्षेत्र में पिछले चार दिनों से एक अज्ञात व्यक्ति सड़क किनारे पड़े हुए थे। वहीं इस मामले की जानकारी मिलने के बाद जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) अज्ञात व्यक्ति की मदद के लिए आगे आया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पीएलवी अनिता देवी ने इसकी जानकारी डालसा सचिव राकेश रौशन को दी। इसके बाद झालसा के कार्यपालक अध्यक्ष जस्टिस सुजीत नारायण प्रसाद के निर्देश पर झालसा की सदस्य सचिव कुमारी रंजना अस्थाना और रांची के न्यायायुक्त अनिल कुमार मिश्रा के गाइडलाइन में त्वरित एक टीम का गठन किया गया।

देखरेख के लिए एक पीएलवी भी तैनात
इधर, डालसा सचिव ने रिम्स प्रशासन से संपर्क कर गठित टीम को सड़क किनारे अचेत अवस्था में पड़े व्यक्ति के पास भेजा। वहां से उठाकर गंभीर स्थिति में पड़े व्यक्ति को तुरंत रिम्स में भर्ती कराया गया। रिम्स के डॉक्टरों के मुताबिक भर्ती कराए गए अज्ञात व्यक्ति के शरीर पर गंभीर चोट के निशान हैं। फिलहाल वह कुछ बोलने में भी असमर्थ है। लेकिन उसने लिखित रूप से अपना नाम आकाश और खुद को बिहार का रहने वाला बताया है। वहीं डालसा ने रिम्स में उसकी सही से देखरेख के लिए एक पीएलवी को भी तैनात किया है।
.jpeg)