logo

हजारीबाग : पत्नी और मां के विवाद में पिता बना हैवान, 6 माह के मासूम को पत्थर में पटका

WhatsApp_Image_2026-08-26_at_1_59_14_PM.jpeg

हजारीबाग 
हजारीबाग के कटकमसांडी प्रखंड के लुपुंग गांव में घरेलू विवाद ने एक छह माह के दूधमुंहे बच्चे की जान ले ली। आरोप है कि सास-बहू के बीच चल रहे विवाद के दौरान बच्चे के पिता ने गुस्से में मासूम को उठाकर पत्थर पर पटक दिया। गंभीर रूप से घायल बच्चे ने इलाज के लिए ले जाने के दौरान रास्ते में दम तोड़ दिया। 
सड़े हुए आलू को लेकर हुआ विवाद
बताया जा रहा है कि घर में सड़े हुए आलू फेंकने को लेकर बच्चे की मां और दादी के बीच विवाद हो रहा था। इसी दौरान बच्चे का पिता घर पहुंचा। आरोप है कि विवाद के बीच उसने अपना आपा खो दिया और छह माह के मासूम को उठाकर पत्थर पर पटक दिया।
इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंची मां
घटना के बाद बच्चे की मां राहगीरों की मदद से उसे इलाज के लिए हजारीबाग सदर अस्पताल लेकर पहुंची। मासूम की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया। लेकिन अस्पताल से रेफर किए जाने के बाद रास्ते में ही बच्चे ने दम तोड़ दिया।
आरोपित पिता गिरफ्तार
घटना की सूचना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपित पिता को गिरफ्तार कर लिया है। थाना प्रभारी अनुपम प्रकाश ने बताया कि आरोपित पिता की गिरफ्तारी हो गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
गुस्से की कीमत मासूम ने जान देकर चुकाई
एक तरफ घर में सड़े हुए आलू को लेकर विवाद था, दूसरी तरफ गुस्सा इतना बढ़ा कि उसकी कीमत एक छह माह के मासूम को अपनी जान देकर चुकानी पड़ी। आलू सड़े थे या रिश्तों में गुस्सा? विवाद कुछ भी रहा हो, लेकिन उसकी सजा उस मासूम को मिली, जिसे न झगड़े का पता था और न विवाद की वजह का। छह महीने का बच्चा अपना बचाव तक नहीं कर सकता था। वह सिर्फ मां की गोद और पिता के साये को जानता था। लेकिन आरोप है कि उसी पिता के गुस्से ने उसकी जिंदगी छीन ली।

Tags - Hazaribagh News Jharkhand News Crime News Katkamsandi Baby Death Domestic Dispute Hazaribagh Police