logo

टाटानगर से जयपुर के लिए सीधी ट्रेन शुरू, सांसद विद्युत महतो ने दिखाई हरी झंडी

टाटानगर से जयपुर के लिए सीधी ट्रेन शुरू, सांसद विद्युत महतो ने दिखाई हरी झंडी

जमशेदपुर:
Jamsedpur News:
जमशेदपुर के टाटानगर रेलवे स्टेशन से राजस्थान की राजधानी जयपुर तक रेल कनेक्टिविटी का नया रास्ता खुल गया है। सोमवार को टाटानगर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक से संतरागाछी-खातीपुरा एक्सप्रेस का शुभारंभ हुआ। जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो ने हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना किया। कार्यक्रम में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े। इस मौके पर रेलवे के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और कर्मचारी मौजूद रहे।

खाटू श्याम जाने वाले श्रद्धालुओं को मिलेगी राहत
नयी ट्रेन के परिचालन से झारखंड के यात्रियों को राजस्थान के साथ उत्तर प्रदेश के कई प्रमुख शहरों तक पहुंचने के लिए सीधी रेल सुविधा मिलेगी। खासकर जयपुर और खाटू श्याम मंदिर में दर्शन के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं को इससे सहूलियत होने की उम्मीद है। इसके अलावा प्रयागराज, कानपुर और आगरा जाने वाले यात्रियों को भी इस ट्रेन से लाभ मिलेगा।

टाटानगर में जानिए ट्रेन का समय
रेलवे बोर्ड की ओर से जारी समय-सारिणी के अनुसार, ट्रेन संख्या 18061 संतरागाछी-खातीपुरा एक्सप्रेस टाटानगर स्टेशन पर रात 10:50 बजे पहुंचेगी और 11:05 बजे रवाना होगी। वहीं, वापसी में ट्रेन संख्या 18062 खातीपुरा-संतरागाछी एक्सप्रेस दोपहर 3:05 बजे टाटानगर पहुंचेगी और पांच मिनट बाद 3:10 बजे प्रस्थान करेगी। ट्रेन करीब 1,677 किलोमीटर की दूरी तय करेगी।

रांची समेत कई प्रमुख स्टेशनों पर होगा ठहराव
अपने निर्धारित मार्ग पर ट्रेन चांडिल, पुरुलिया, मुरी, रांची, लोहरदगा, टोरी, लातेहार, बरवाडीह, डालटनगंज, गढ़वा रोड, जपला, डेहरी ऑन सोन, सासाराम, भभुआ रोड, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, मिर्जापुर, प्रयागराज, फतेहपुर, कानपुर सेंट्रल, टूंडला, आगरा, बांदीकुई और दौसा समेत कई स्टेशनों पर रुकेगी। खातीपुरा स्टेशन से जयपुर शहर की दूरी करीब 17 किलोमीटर है। ऐसे में जयपुर और आसपास के क्षेत्रों में जाने वाले यात्रियों को भी इस सेवा का लाभ मिल सकेगा।

सप्ताह में एक दिन चलेगी ट्रेन
रेलवे बोर्ड के दस्तावेज के मुताबिक, इस ट्रेन का परिचालन साप्ताहिक होगा। संतरागाछी से ट्रेन बुधवार और खातीपुरा से शुक्रवार को चलेगी। इसमें एलएचबी रैक का इस्तेमाल किया जाएगा। रैक के रखरखाव की जिम्मेदारी संतरागाछी को सौंपी गई है। उद्घाटन कार्यक्रम को लेकर टाटानगर स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक पर विशेष तैयारी की गयी थी। नयी रैक और बोगियों को फूलों से सजाया गया था। निर्धारित कार्यक्रम के तहत सांसद विद्युत वरण महतो, जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय, जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा दास साहू, डीआरएम तरुण हुरिया समेत रेलवे के अधिकारी मौजूद थे।

Tags - Tatanagar Jaipur TrainSantragachi Khatipura ExpressKhatu Shyam TrainJharkhand RailwaysTatanagar Station