logo

डिमना डैम में नहाने के दौरान युवक की डूबने से मौत, छोटे भाई के सामने हुआ दर्दनाक हादसा

WhatsApp_Image_2026-07-17_at_12_54_43_PM.jpeg

जमशेदपुर
जमशेदपुर के डिमना डैम में शुक्रवार सुबह नहाने के दौरान एक दर्दनाक हादसे में 22 वर्षीय पीयूष कुमार की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान सोनारी कागलनगर निवासी पीयूष कुमार के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, पीयूष शुक्रवार सुबह अपने छोटे भाई आयुष के साथ डिमना डैम घूमने गया था। सुबह करीब छह बजे दोनों भाई डैम में नहाने के लिए उतरे। इसी दौरान पीयूष गहरे पानी में चला गया और संतुलन बिगड़ने से डूबने लगा। छोटे भाई आयुष ने उसे बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन वह सफल नहीं हो सका। इसके बाद आसपास मौजूद लोगों और पुलिस को घटना की सूचना दी गई।


कई घंटे चले रेस्क्यू के बाद मिला शव
सूचना मिलते ही बोड़ाम थाना प्रभारी नीरज कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश शुरू की गई। प्रारंभिक प्रयासों में सफलता नहीं मिलने पर खोज अभियान तेज किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पटमदा के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी दयानंद कुमार भी मौके पर पहुंचे और विशेषज्ञ गोताखोरों की टीम को बुलाया गया। कई घंटे की मशक्कत के बाद गोताखोरों ने पीयूष के शव को पानी से बाहर निकाला। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया।


परिवार में पसरा मातम, पुलिस ने लोगों से की अपील
बताया जाता है कि पीयूष एक निजी कंपनी में कार्यरत था और परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा था। उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पोस्टमार्टम हाउस में मां और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। बोड़ाम थाना पुलिस ने यूडी केस दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि डैम, नदी और अन्य जलाशयों में स्नान के दौरान विशेष सावधानी बरतें और गहरे पानी में जाने से बचें। गौरतलब है कि डिमना डैम में हर वर्ष इस तरह की घटनाएं सामने आती हैं, इसके बावजूद लोग सुरक्षा नियमों की अनदेखी कर जोखिम उठाते हैं।

Tags - Dimna Dam drowningJamshedpur youth diesDimna Dam accidentYouth drowned in Dimna DamJamshedpur drowning news