logo

रामनवमी को लेकर डीआईजी किशोर कौशल का लातेहार दौरा, सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा

yuernim.jpg

द फॉलोअप डेस्क
रामनवमी पर्व को लेकर पलामू क्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) किशोर कौशल ने आज लातेहार जिले का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था की व्यापक समीक्षा की और जिला कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर वहां की कार्यप्रणाली, संचार व्यवस्था तथा आपातकालीन प्रतिक्रिया तंत्र का बारीकी से जायजा लिया। डीआईजी ने पुलिस अधीक्षक सभागार में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों (एसडीपीओ), इंस्पेक्टरों और सभी थाना प्रभारियों के साथ बैठक की। बैठक में उन्होंने रामनवमी के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने, जुलूस मार्गों की सुरक्षा, संवेदनशील स्थलों की निगरानी और असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने सीसीटीवी और ड्रोन कैमरों के माध्यम से निगरानी बढ़ाने पर भी जोर दिया।
उन्होंने कहा कि पुलिस-प्रशासन और आमजन के सहयोग से ही पर्व को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराया जा सकता है। इसलिए सभी को आपसी सौहार्द और भाईचारे की परंपरा बनाए रखनी चाहिए। डीआईजी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी पदाधिकारी पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें। उन्होंने चिन्हित संवेदनशील और अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने, जुलूस मार्गों का पूर्व सत्यापन करने और किसी भी प्रकार की बाधा को समय रहते दूर करने का निर्देश दिया। साथ ही कंट्रोल रूम को 24×7 सक्रिय रखने और हर सूचना पर त्वरित कार्रवाई करने को कहा। सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखते हुए भ्रामक या भड़काऊ संदेशों पर तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।
डीआईजी ने स्थानीय शांति समितियों के साथ लगातार संवाद बनाए रखने और समन्वय मजबूत करने पर बल दिया। सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में फ्लैग मार्च, गश्ती और चौकसी बढ़ाने का निर्देश दिया गया। उन्होंने कहा कि किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पुलिस पूरी तरह तैयार रहे और किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक की शुरुआत में लातेहार के पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव ने बताया कि जिले में शांति समिति की बैठक की जा चुकी है और फ्लैग मार्च के निर्देश दिए गए हैं। रामनवमी को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं तथा सभी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। बैठक में पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव सहित सभी डीएसपी, इंस्पेक्टर और थाना प्रभारी उपस्थित रहे।

 

Tags - Ram Navami security arrangements Latehar police security DIG Kishore Kaushal visit Jharkhand police news festival security India Palamu region police Jharkhand law and order Ram Navami in Jharkhand police security review meeting SDPO meeting Jhar