द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
रांची के धुर्वा थाना क्षेत्र स्थित शहीद मैदान में खाने-पीने को लेकर हुए विवाद में मारपीट के बाद एक युवक की मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान चुटिया निवासी सोहन राय के रूप में हुई है। घटना सोमवार रात करीब 8 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, सोहन राय अपने कुछ दोस्तों के साथ पार्टी कर रहे थे और इसी दौरान खाने-पीने को लेकर किसी बात पर उनके बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर दोस्तों ने कथित तौर पर हरवे-हथियार से सोहन राय पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद कुछ दोस्त उन्हें मरा हुआ समझकर मौके से फरार हो गए, जबकि एक-दो दोस्तों ने उन्हें इलाज के लिए गुरुनानक अस्पताल में भर्ती कराया। घटना की सूचना मिलने पर धुर्वा पुलिस अस्पताल पहुंची और मामले की जानकारी ली। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया है। मामले में धुर्वा पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
