logo

आईपीएल जीतने के बाद पहली बार रांची पहुंचे धोनी, एक झलक पाने को बेताब दिखे फैंस

1490.jpg

द फॉलोअप डेस्क
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी सोमवार की शाम रांची पहुंचे। आईपीएल 2023 का खिताब चेन्नई सुपर किंग्स को जिताने के बाद पहली बार रांची के राजकुमार रांची पहुंचे हैं। जैसे ही यह खबर उनके फैंस को मिली कि धोनी रांची आ रहे हैं तो टर्मिनल के बाहर भीड़ लग गई। बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर बाहर निकलते ही उनकी एक झलक देखने के लिए लोगों चिल्लाने लगे। माही-माही की आवाज से पूरा टर्मिनल गूंजने लगा। कई लोग सेल्फी लेने का भी प्रयास करते नजर आए।

सुरक्षाकर्मियों ने गाड़ी तक पहुंचाया
प्रशंसकों की भीड़ को देखते हुए सुरक्षाकर्मियों ने धोनी को उनकी गाड़ी तक पहुंचाया। धोनी के साथ उनकी पत्नी साक्षी सिंह धोनी और बेटी जीवा भी आई। मालूम हो कि धोनी की अगुवाई वाली चेन्नई सुपर किंग आईपीएल के 16वें सीजन में गुजरात को मात देकर 5वीं बार चैंपियन बनी है।

मुंबई में कराया घुटने का ऑपरेशन
आईपीएल के दौरान अपने घुटने की परेशानी से धोनी जूझते रहे। इसके बावजूद अपनी टीम को जीत दिलाकर ही अपनी समस्या दूर करने मुंबई पहुंचे। दरअसल मुंबई के कोकिलाबेन अस्पताल में धोनी ने घुटने का ऑपरेशन कराया। मशहूर डॉक्टर दिनेशॉ पारदीवाला ने उनका ऑपरेशन कियाये वही डॉक्टर हैं, जिन्होंने सचिन और युवराज जैसे खिलाड़ियों के भी चोट का इलाज किया था।

फिट होने में लगेगा कम से कम दो महीना
धोनी को फिट होने में कम से कम दो महीने लगने की बात सामने आ रही है। इसके बाद वह फिर से धीरे-धीरे प्रैक्टिस शुरू कर सकते हैं। मालूम हो कि फाइनल में जीतने के बाद धोनी ने कहा था कि वह अगला सीजन खेलने की पूरी कोशिश करेंगे।

वैद्य से भी कराया था घुटने का उपचार
रांची से लगभग 80 किलोमीटर दूर लापुंग के गलगली धाम में धोनी वैद्य बंदन सिंह खेरवार से से भी घुटने का इलाज करा चुके हैं। बताया जा रहा है कि वैद्य ने गाय का दूध, पेड़ छाल और कई जड़ी-बूटियों से दवाइयां बनाकर धोनी को दी थी। यह भी कहा जाता है कि धोनी के माता-पिता के दर्द की दवा भी यहीं से जाती है। वैद्य बंदन सिंह खेरवार के बारे में जानकारी मिलने के बाद कई राज्यों से लोग यहां दवा लेने आते हैं।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N