धनबाद:
धनबाद के गोल्फ ग्राउंड में आर्यन केल्विन के फैंस मीट कार्यक्रम में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब आर्यन के पहुंचते ही उनसे मिलने के लिए प्रशंसकों में धक्का-मुक्की शुरू हो गई। भीड़ के दबाव में सुरक्षा के लिए लगाए गए लोहे के बैरियर टूट गए और कई प्रशंसक पर्दे फाड़कर स्टेज पर चढ़ गए। बाउंसरों के साथ भी धक्का-मुक्की हुई। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने मोर्चा संभाला और आखिरकार कार्यक्रम बंद करा दिया। कार्यक्रम में झारखंड के अलावा दूसरे राज्यों से भी बड़ी संख्या में प्रशंसक पहुंचे थे।

राजकीय शोक के कारण डीजे नहीं बजाने का दिया था निर्देश
कार्यक्रम की सुरक्षा के लिए बाउंसरों के साथ पुलिस की गश्ती टीम भी तैनात की गई थी। कार्यक्रम शुरू होने से पहले धनबाद थाना प्रभारी मनोज पांडेय गोल्फ ग्राउंड पहुंचे थे। उन्होंने झारखंड के मंत्री दिव्य कुमार सोनू के निधन के कारण घोषित दो दिवसीय राजकीय शोक को देखते हुए आयोजकों को डीजे नहीं बजाने का निर्देश दिया। हालांकि, माइक के इस्तेमाल की अनुमति दी गई थी। आयोजकों ने पुलिस के निर्देश का पालन करते हुए डीजे नहीं बजाया। थाना प्रभारी ने बताया कि वह एसडीओ के निर्देश पर कार्यक्रम स्थल पहुंचे थे। राजकीय शोक के दौरान डीजे नहीं बजाने का आदेश दिया गया था। बाद में कार्यक्रम के दौरान भीड़ बेकाबू होने पर पुलिस ने आयोजन बंद करा दिया।
.jpeg)
आर्यन के पहुंचते ही बेकाबू हुई भीड़
आर्यन केल्विन के मैदान में पहुंचते ही प्रशंसकों में उनसे नजदीक से मिलने और स्टेज तक पहुंचने की होड़ मच गई। भीड़ का दबाव बढ़ने से सुरक्षा के लिए लगाए गए लोहे के बैरियर टूट गए। इसके बाद कई प्रशंसक पर्दे फाड़कर स्टेज पर पहुंच गए। उन्हें रोकने की कोशिश कर रहे बाउंसरों के साथ भी धक्का-मुक्की हुई। स्थिति बिगड़ती देख पुलिसकर्मियों ने मोर्चा संभाला और भीड़ को नियंत्रित करने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बावजूद स्थिति सामान्य नहीं हो सकी, जिसके बाद पुलिस ने कार्यक्रम बंद करा दिया। दूसरे राज्यों से भी बड़ी संख्या में प्रशंसकों के पहुंचने के कारण गोल्फ ग्राउंड में भीड़ काफी बढ़ गई थी।
.jpeg)
बाइक से स्टंट करते युवक को पुलिस ने पकड़ा
कार्यक्रम के दौरान गोल्फ ग्राउंड में बाइक से खतरनाक स्टंट करना एक युवक को महंगा पड़ गया। पुलिस ने बोकारो के सियालजारी निवासी 23 वर्षीय विकास मोदक को स्टंट करते हुए पकड़ लिया। उस समय धनबाद थाना प्रभारी मनोज पांडेय भी मौके पर मौजूद थे। पुलिस ने युवक को पकड़ने के साथ उसकी बाइक भी जब्त कर ली। पूछताछ के बाद उसे पीआर बांड पर रिहा कर दिया गया। पुलिस के अनुसार, जब्त बाइक का चालान किया जाएगा।